‘100 दिन’ में शामिल हो निगड़ी तक मेट्रो का विस्तार

0
पुणे : पुलिसनामा ऑनलाईन – एनडीए2 सरकार के 100 दिन कार्यक्रम में ही पुणे मेट्रो परियोजना के पहले चरण का निगड़ी तक विस्तार शामिल किया जाय, यह मांग शिवसेना सांसद श्रीरंग बारणे ने केंद्र सरकार से की है। पहला चरण पिंपरी तक ही है इसे निगड़ी तक बढाने पर पिंपरी चिंचवड़ शहरवासियों को काफी सुविधा होगी। ऐसा उन्होंने केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंग पुरी को सौंपे ज्ञापन में कहा है।
उन्होंने कहा कि, पिंपरी चिंचवड़ शहर की पहचान औद्योगिकनगरी के तौर पर है। उद्योगों के साथ ही यहां नामी शैक्षिक संस्थानों की संख्या भी ज्यादा है।यहां का शहरीकरण तेज़ी से बढ़ रहा है। शहर की आबादी 21 लाख तक पहुंच गई है। पुणे और पिंपरी चिंचवड़ के लिए संयुक्त रूप से चलाई जा रही मेट्रो परियोजना का पहला चरण जो फिलहाल पिंपरी तक है, निगड़ी के भक्ति- शक्ति चौक तक बढाने की मांग की जा रही है। इसके लिए 20 मार्च को केंद्र सरकार को भेजे गए डीपीआर (डिटेल्स प्रोजेक्ट रिपोर्ट) में इसकी लागत 1048.22 करोड़ बताई गई है। पिंपरी से निगड़ी तक मेट्रो कॉरिडोर की दूरी 4.413 किलोमीटर है। इसकी लागत का 122 करोड़ रुपए का हिस्सा पिंपरी मनपा उठाने को तैयार है। एनडीए की नई सरकार के ‘100 दिन’ कार्यक्रम के अंतर्गत निगडी तक के मेट्रो विस्तार को मंजूरी देने की मांग सांसद बारणे ने की है।
You might also like
Leave a comment