पुणे संभाग में बढ़े 2384 कोरोना के मरीज
अकेले पुणे जिले में सर्वाधिक 2112 मरीज
पुणे। महामारी कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच पुणे संभाग (पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर) में 24 घँटे के भीतर कोरोना के 2384 नए मरीज मिले हैं। इसमें अकेले पुणे जिले के 2112 मरीजों के अलावा सातारा में 66, सोलापुर में 142, सांगली में 36 और कोल्हापुर जिले में 28 नए संक्रमित मरीजों का समावेश है। पुणे संभाग में आज कुल 2054 संक्रमित कोरोना मुक्त हुए हैं। इसमें अकेले पुणे जिले के 1722 मरीज शामिल हैं। इसके अलावा सातारा जिले के 166, सोलापुर जिले के 107, सांगली जिले के 19 और कोल्हापुर जिले के 40 मरीज शामिल हैं।
संभाग के पुणे जिले में महामारी कोरोना का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। बीते 24 घँटे के अंदर जिले में 2112 संक्रमित पाए जाने से चिंता बढ़ गई है। हालांकि नए से 1722 मरीज कोरोना मुक्त हुए हैं। बुधवार को जिले में कोरोना के संक्रमितों का आंकड़ा 4 लाख 22 हजार 989 तक पहुंच गया है, जिसमें से 3 लाख 99 हजार 310 मरीज अस्पताल से घर लौट गए हैं। फिलहाल अस्पतालों में 14 हजार 441 मरीजों का इलाज जारी है। अब तक 9238 मरीजों की मौत दर्ज हुई है। जिले में कोरोना से मृत्यु का प्रमाण 2.18 फीसदी दर्ज हुआ है जबकि रिकवरी रेट 94.40 फीसद रह गया है।
पुणे के संभागीय आयुक्त सौरभ राव के अनुसार, मंगलवार को पुणे संभाग में रिकवरी रेट 94.59 व डेथ रेट 2.59 फीसदी दर्ज हुआ है। संभाग में संक्रमित मरीजों की संख्या सवा 6 लाख पार हो गई है। अब तक 42 लाख 24 हजार 344 लोगों की टेस्ट की गई है। उनमें से अब तक 6 लाख 36 हजार 259 संक्रमित पाए गए हैं। उनमें से 6 लाख एक हजार 854 मरीजों ने महामारी को मात दी है। फिलहाल 17 हजार 934 मरीजों का इलाज जारी है। जबकि अब तक 16 हजार 471 मरीजों की मौत दर्ज हुई है।
सातारा जिले में आज संक्रमितों का आंकड़ा 59 हजार 926 हो गया है। इसमें से 56 हजार 266 मरीज इलाज के बाद घर लौट गए हैं जबकि 1859 मरीजों की मौत हो गई है। फिलहाल 1801 मरीजों का इलाज जारी है। सोलापुर जिले में मरीजों की संख्या आज 53 हजार 868 हो गई है। इसमें से 50 हजार 926 को अस्पतालों से डिस्चार्ज मिल गया है जबकि 1863 की मौत हो चुकी है। जिले के अस्पतालों में फिलहाल 1079 पॉजिटिव मरीजों का इलाज जारी है। सांगली जिले में आज संक्रमितों का आंकड़ा 48 हजार 759 हो गया है। इसमें से 46 हजार 709 मरीज स्वस्थ हो चूके हैं। जबकि 1763 मरीजों की मौत हो चुकी है। जिले में अभी 287 मरीजों का इलाज जारी है। कोल्हापुर में 50 हजार 689 संक्रमितों में 1748 मरीजों की मौत हो चुकी है। यहां अब तक 48 हजार 643 मरीज अस्पताल से घर लौट चुके हैं। अभी 326 मरीजों का अस्पतालों में इलाज चल रहा है।