मुंबई में विजिबिलिटी कम होने से 3 फ्लाइट डायवर्ट, दिल्ली में भारी बारिश की चेतावनी

0

-मुंबई एयरपोर्ट से आने-जाने वाली फ्लाइट करीब 30 मिनट लेट हुईं.

-मौसम विभाग ने कहा- 17 राज्यों में अगले 3 से 4 दिन भारी बारिश हो सकती है

-गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, राजस्थान में भारी बारिश, नासिक में 24 घंटे में 17 सेमी से ज्यादा पानी बरसा

पुलिसनामा ऑनलाईन – महाराष्ट्र के कई शहरों में सोमवार सुबह से तेज बारिश हो रही है। मुंबई के ज्यादातर इलाकों में पानी भरने से जाम लगा। विमानों की आवाजाही पर भी असर पड़ा है। मुंबई एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने बताया कि बारिश के चलते सुबह 9.15 बजे से विजिबिलिटी लगातार बदल रही है। इससे फ्लाइट्स लेट हुईं, लेकिन अब तक कोई फ्लाइट रद्द नहीं की गई। तीन उड़ानों को डायवर्ट किया गया है। दूसरी ओर, दिल्ली में अगले 24 घंटे में भारी बारिश का अलर्ट है।

उधर, मौसम विभाग (आईएमडी) ने देश के 17 राज्यों में अगले 3 से 4 दिन तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान उत्तर-पूर्वी, दक्षिण और पश्चिमी तटीय राज्यों भारी बारिश की संभावना है। अरब सागर में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है, जिससे कर्नाटक के तटीय इलाकों में तेज लहरें उठ सकती हैं। केरल, लक्षद्वीप में अलर्ट है।

शनिवार और रविवार को पूर्वी राजस्थान, गुजरात, गोवा, महाराष्ट्र में भारी बारिश हुई। महाराष्ट्र के कोल्हापुर में लगातार बारिश से 14 जलाशयों में पानी बढ़ गया है। नासिक में 24 घंटे में रिकार्ड 17 सेमी से ज्यादा बारिश हुई। गोदावरी नदी के किनारे से 250 परिवारों को सुरक्षित जगहों पर भेजा गया है। गुजरात के वलसाड में भी बाढ़ के हालात हैं।

37 दिनों में देश में सामान्य से 21% कम बारिश :

अब तक 20 राज्यों में सामान्य से कम बारिश हुई।

1 जून से 7 जुलाई तक देश में 179 मिमी बारिश हुई।

अब तक सामान्य बारिश 225.4 मिमी होनी चाहिए थी।

रविवार को देश में सामान्य से 39% ज्यादा बारिश हुई

रविवार शाम तक देश में 12.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। यह सामान्य (8.7 मिमी) से 39% से ज्यादा है। रविवार को 13 राज्यों में सामान्य से बहुत ज्यादा और 2 राज्यों में ज्यादा बारिश हुई। 6 राज्यों में सामान्य बारिश हुई। 9 राज्यों में सामान्य से बहुत कम और 6 राज्यों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई।

कम बारिश से अभी तक 27% घटा खरीफ फसलों का रकबा

कृषि मंत्रालय के मुताबिक, जून और जुलाई के पहले हफ्ते में मानसूनी बारिश कम होने से खरीफ की फसल प्रभावित हुई है। पिछले साल से अभी तक खरीफ फसलों का रकबा 27% घटा है। पिछले हफ्ते तक देश में 234.33 लाख हेक्टेयर खरीफ फसल की बुआई हो सकी है। जबकि पिछले साल इस समय तक 319.68 लाख हेक्टेयर में खरीफ की बुआई हुई थी। धान खरीफ की मुख्य फसल है। पिछले हफ्ते तक देश में सिर्फ 52.47 लाख हेक्टेयर में ही धान की रोपाई हुई है। जबकि पिछले साल इस समय तक 68.60 लाख हेक्टेयर में रोपाई हो चुकी थी।

You might also like
Leave a comment