पुणे के एक परिवार के 4 सदस्यों ने दी कोरोना को मात

corona

पिंपरी। पोलिसनामा ऑनलाइन – कोरोना की महामारी ने महाराष्ट्र में मुंबई के बाद सबसे ज्यादा आतंक पुणे में मचाकर रखा हुआ है। यहां अब तक 876 मरीज मिले हैं जिनमें से 59 मरीजों की मौत हो चुकी है। जबकि 130 मरीज कोरोना मुक्त होकर घर लौट गए हैं। शुक्रवार को पुणे के लिए एक और राहत की खबर आई है। यहां एक ही परिवार के चार सदस्यों ने कोरोना को मात दे दी है। उनमें एक और आठ साल की दो बच्चियां भी शामिल हैं। आज उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज मिल गया।

शुक्रवार को पुणे में कोरोना संक्रमण से जूझ रहा चार लोगों का एक परिवार, जोकि बारामती का रहवासी है, पूरी तरह से ठीक होकर वापस अपने घर लौटा। ये सभी औंध स्थित जिला अस्पताल में भर्ती थे। 14 दिन के इलाज के बाद गत दिन इन सभी की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई और शुक्रवार को इन्हें डिस्चार्ज किया गया। इनमें 1 और 8 साल की एक बच्ची भी शामिल है। हॉस्पिटल के स्टाफ ने पूरे परिवार के लिए तालियां बजाकर और उन्हें फूल देकर विदाई दी।

इस परिवार का एक सदस्य पुणे के ससून हॉस्पिटल में भर्ती हैं। कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप के बीच एक परिवार के चार सदस्यों को अस्पताल से छुट्टी मिलने से राहत महसूस की जा रही है। पुणे मनपा स्वास्थ्य विभाग द्वारा गुरुवार की शाम जारी की गई रिपोर्ट के मुताबिक शहर में कोरोना के अब तक 876 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें से 59 मरीजों की मौत हो गई है। हालांकि उनमें से ज्यादातर मरीज उम्रदार और दूसरी बीमारियों से ग्रस्त थे। कल तक 130 मरीजों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दी गई है। फिलहाल 684 मरीजों का शहर के अलग अलग अस्पतालों में इलाज जारी है।