असम में बाढ़ से भारी तबाही, काजीरंगा नेशनल पार्क और टाइगर रिजर्व में 96 जानवरों की मौत, 57 लाख लोग प्रभावित

0

दिसपुर : ऑनलाइन टीम – असम में बाढ़ से भारी तबाही की तस्वीरें सामने आई है। यहां काजीरंगा नेशनल पार्क और टाइगर रिजर्व, बोकाहाट में 96 जानवरों की मौत हो गई है। जिसमें 8 गैंडों, 3 जंगली भैंसों, 7 जंगली सूअर, 2 दलदल हिरण, 74 हॉग हिरण और 2 पोरपाइन बाढ़ में मारे गए हैं। साथ ही असम में 28 जिलों के लगभग 36 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

काजीरंगा के पास ही हरमति इलाके में एक घर में बेड पर बाघ को आराम फरमाते देखा गया। जिसको देखकर लोग चीख पड़े और हड़कंप मच गया। शेर को देखने के बाद सभी लोग घर छोड़कर दूर जाकर खड़े हो गए। दरअसल पानी भरने के कारण शेर भागते हुए घर में जा पहुंचा और बेड पर बैठकर आराम फरमाने लगा। गांव के लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी और वो पहुंच गए। राज्य के 29 जिलों में हालात जस के तस बने हुए हैं। बाढ़ से अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है और 57 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने जानकारी दी है कि ब्रह्मपुत्र और उसकी सहायक नदियां गुवाहाटी समेत कई इलाकों में खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

इधर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे असम में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आएं। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘पूरा देश असम के साथ है। असम के लोग अपने साहसी स्वभाव से इस मुसीबत का डटकर सामना कर रहे हैं और इस आपदा से उबर जाएंगे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील है कि हर संभव मदद का हाथ बढ़ाएं।’’

आधिकारिक बुलेटिन में कहा गया है कि इस साल राज्य में बाढ़ और भूस्खलन में जान गंवाने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 102 हो गई है। 76 लोगों की मौत बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में हुई है जबकि 26 की मौत भूस्खलन में हुई है।

You might also like
Leave a comment