ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे… राफेल के बाद अब फ्रांस ने भारत को भेजे ये जरूरी सामान

नई दिल्ली : ऑनलाइन टीम – दुश्मन को चारो खाने चित करने 5 राफेल विमानों के बैच ने फ्रांस से भारत के लिए उड़ान भर दी है। जो बुधवार यानी 29 जुलाई को हरियाणा के अम्बाला स्थित एयर फोर्स स्टेशन पर लैंड करेंगे। भारत-चीन तनाव और कोरोना काल के समय भारत को फ्रांस का साथ मिला है। जिसके बाद दोनों देशों की जनता यही कह रही होगी कि ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे।

दरअसल फ्रांस और भारत में काफी पुराना रिश्ता है। वहां के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कई बार मुश्किल वक्त में भारत की मदद के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई है। हाल ही में उन्होंने कोरोना से लड़ाई में भारत को मेडिकल इक्विपमेंट देने का ऐलान किया था। सोमवार को राष्ट्रपति मैक्रों ने ये वादा पूरा किया। फ्रांस ने विशेष विमान से भारत के लिए 50 Osiris-3 वेंटिलेटर, 70 Yuwell 830 वेंटिलेटर्स, 50 हजार IgG/IgM टेस्ट किट और 50 हजार नोज-थ्रोट स्वैब भेजे हैं। जिससे भारत को कोरोना के खिलाफ लड़ाई में काफी मदद मिलेगी।

मेडिकल सप्लाई रवाना होने के बाद राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने ट्वीट कर लिखा कि फ्रांस जब सार्वजनिक स्वास्थ्य को लेकर मुश्किल दौर से गुजर रहा था, तो भारत और पीएम मोदी ने उनकी मदद की। उस दौरान भारत ने दवाओं के संबंध में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने आगे लिखा कि मैं गंभीर रूप से बीमार मरीजों के इलाज के लिए आवश्यक दवाओं के निर्यात को अधिकृत करने के लिए एक बार फिर आपको धन्यवाद देना चाहता हूं। यह हमारे बीच रणनीतिक साझेदारी को दर्शाता है।