मां के गुजर जाने के 6 साल तक अर्जुन कपूर ने नहीं खोला था उनका कमरा
मुंबई : पोलिसनामा ऑनलाइन – अर्जुन कपूर अक्सर अपनी मां मोना कपूर को याद करके सोशल मीडिया पर अपना दर्द साझा करते रहते है। अर्जुन ने 2012 में अपने बॉलिवुड डेब्यू के एक महीने पहले अपनी मां को खो दिया था। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि मां को खोने का दर्द कैसे झेला। बीते दिनों मदर्स डे पर अर्जुन कपूर ने इंस्टाग्राम पर अपनी मां के लिए इमोशनल वीडियो शेयर किया था। एक इंटरव्यू में वह इस दुख पर बात कर चुके हैं।
अर्जुन ने बताया कि मां के निधन के बाद उन्होंने 6 साल तक उनका कमरा नहीं खोला था। उन्होंने बताया कि मैं और बहन अंशुला ये हिम्मत ही नहीं जुटा पाते थे। यह नॉर्मल बात नहीं है कि घर में जगह नहीं है और आप एक कमरा हमेशा बंद रख रहे हैं। लेकिन मेरे और अंशुला के लिए ये ऐसा ही है। यह उनका घर है। अर्जुन ने कहा, ‘जब मैं घर से बाहर निकलता हूं शूट के लिए और काम करके घर वापस आता हूं तो बहुत अजीब लगता है क्योंकि मां घर पर नहीं होंगी और मैं उनसे अपने पूरे दिन के शेडयूल के बारे में कुछ शेयर नहीं कर पाउंगा।’ अर्जुन ने आगे कहा, ‘मैं घर के बाहर जाता हूं, लोगों को खुश रखता हूं और खुद को खुश रखता हूं काम करके। लेकिन जब घर आता हूं तो बहुत खालीपन लगता है।’
बता दें कि मोना, बोनी कपूर की पहली पत्नी थीं। साल 2012 में मोना का कैंसर की वजह से निधन हो गया था। अर्जुन ने कहा कि भले ही उनकी मां को गए हुए 8 साल हो गए हैं, लेकिन अभी भी वह मूव ऑन नहीं कर पाए हैं। आज भी वह अपनी मां को हर पल बहुत मिस करते हैं। अर्जुन कपूर इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में रहते हैं। कभी सोशल मीडिया में अपने दोस्तों का मजाक बनाने के लिए तो कभी मलाइका संग रिलेशनशिप को लेकर वह सुर्खियों बने रहते हैं।