सावधान! मौसम विभाग का अलर्ट, दोपहर 1 से 5 बजे के बीच बाहर जाने से बचें अन्यथा …

0

नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन – कोरोना के साथ-साथ अब देश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। कहीं-कहीं जगह पर पारा 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं से लोगों की जान का खतरा बढ़ गया है। दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में गर्मी काफी बढ़ गयी है। इन राज्यों में लोग गर्मी से परेशान है। कइयों को तो लू तक की शिकायत होने लगी है। जानकारी के मुताबिक, राजस्थान के चुरू में 50 डिग्री से अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश के बांदा और प्रयागराज में तापमान कम से कम 48 डिग्री सेल्सियस मापा गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 29-30 मई के बाद लोगों को कुछ राहत मिलने की संभावना है। अगले दो दिन यानि की 28 मई तक महत्वपूर्ण बदलाव की उम्मीद नहीं है। इस सप्ताह के अंत में हल्की बारिश होने की संभावना है। मंगलवार को चूरू दुनिया के दो सबसे गर्म स्थानों में से एक बन गया। पाकिस्तान के जेकबाबाद में भी तापमान 50 डिग्री दर्ज किया गया। हरियाणा के हिसार में पारा 48 डिग्री मापा गया था। जबकि उत्तर प्रदेश के बांदा में भी यही तापमान दर्ज किया गया। राजधानी दिल्ली में गर्मी ने पिछले 18 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मंगलवार को यह 47.6 डिग्री सेल्सियस था।

अगले दो दिन उत्तर पश्चिमी भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत के निकटवर्ती भागों में हवाएँ चलेंगी। मौसम विभाग ने कहा है कि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ 28 मई तक प्रचंड गर्मी रहने की संभावना है। इस बीच मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि दोपहर 1 से 5 बजे तक जरुरी काम न हो तो घर से बाहर न जाये। अन्यथा आप लू के शिकार हो सकते है।

मौसम विभाग के अनुसार, 28 मई की रात से कुछ राहत मिलेगी। मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के साथ गर्मी का कहर अभी भी जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, 1 से 2 जून तक पूरे महाराष्ट्र में प्री-मॉनसून वर्षा होने की संभावना है। मराठवाड़ा में सामान्य बारिश होगी जबकि विदर्भ में सामान्य से कम बारिश होगी। आमतौर पर 11 जून से महाराष्ट्र में बारिश की शुरुवात हो जाती है।

You might also like
Leave a comment