बिहार में बकरीद की धूम, मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने दी मुबारकबाद

0

पटना : पुलिसनामा ऑनलाइन – बिहार में ईद-उल-अजहा (बकरीद) सोमवार को हषरेल्लास और शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जा रहा है। राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में ईद-उल-अजहा के मौके पर बड़ी संख्या में मुस्लिम भाईयों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा की और इसके बाद एक दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद दी। बिहार के राज्यपाल फागू चौहान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी है।

शहर के बीचों-बीच स्थित ऐतिहासिक गांधी मैदान में सुबह से ही अकीदतमंदों का आना प्रारंभ हो गया था। सुबह के आठ बजे यहां सामूहिक रूप से नमाज अदा की गई। राजधानी पटना के विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में भी ईद की नमाज अदा की गई। अलग-अलग जगहों पर नमाज का समय निर्धारित किया गया था। बड़ी संख्या में मुसलमान भाईयों ने शरीक होकर अल्लाह के आगे सजदा किया।

इस मौके पर लोगों ने अपने और देश के साथ ही प्रदेश की खुशहाली की दुआएं मांगीं तथा अमन व सुकून के साथ कुर्बानी के इस त्योहार को मनाने की अपील की।

मुजफ्फरपुर, भागलपुर, सुपौल, नवादा, नालंदा, भोजपुर, दरभंगा में बकरीद के मौके पर हजारों की संख्या में लोगों ने एक साथ नमाज अदा की और एक-दूसरे को गले मिलकर बधाईयां दी।

राज्यपाल ने अपने शुभकामना संदेश में कहा, “त्याग और बलिदान के लिए प्रेरित करने वाला यह पर्व हमारे जीवन में सहिष्णुता, सद्भावना, प्रेम व बंधुत्व की भावना संचारित करता है। समाज में अमन-चैन, खुशहाली व तरक्की के लिए संकल्प लें, ताकि बिहार विकास पथ पर निरंतर तेजी से आगे बढ़ता रहे।”

मुख्यमंत्री ने इस त्योहार को मेल-जोल, आपसी भाईचारा व सद्भाव के साथ मनाने की अपील की है।

बकरीद और सावन का सोमवार होने के कारण सभी प्रमुख चौक चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।

You might also like
Leave a comment