‘धन्नो’ 7 दिन में मुंबई से जौनपुर तक ले आई 4 युवकों को, बार्डर पर पुलिस ने पकड़ लिया

0

जौनपुर. पोलिसनामा ऑनलाइन – रविवार की शाम चार लोग ‘धन्नो’ पर सवार होकर मुंबई से जौनपुर पहुंचे। अंबेडकरनगर निवासी चारों को मुंगराबादशाहपुर सीमा पर पकड़कर पुलिस ने होम क्वारंटाइन कर दिया है। बता दें कि लॉकडाउन के कारण दूसरे शहरों में फंसे लोग घर पहुंचने के लिए तरह-तरह का जतन कर रहे हैं। कोई साइकिल चलाकर घर लौट रहा है तो कई ऐसे हैं, जिन्होंने पैदल ही सैकड़ों किमी की दूरी नाप दी है। देश भर में यह दृश्य देखे जा रहे हैं।

अंबेडकर नगर निवासी हरिपाल यादव, श्याम कुमार, बुद्धिराम और उमेश कन्नौजिया मुंबई के अंधेरी ईस्ट में रहकर ऑटो चलाते हैं। लॉकडाउन से पहले तक उनका सब ठीक चल रहा था, मगर इसके बाद ऑटो के साथ उनकी जिंदगी का पहिया भी थम गया। इसके बाद उन्होंने घर लौटने का फैसला कर लिया। बस-ट्रेनें बंद होने के चलते हरिपाल ने अपने टेंपो (नाम धन्नो) में तेल भरवाया और फिर बारी-बारी सभी सात दिनों तक लगातार टेंपो चलाते हुए रविवार को जौनपुर पहुंचे। जंघई के पास बॉर्डर पर तैनात पुलिस ने उन्हें रोक लिया। पूछताछ हुई और फिर उन्हें मुंगराबादशाहपुर पीएचसी पहुंचाया।डॉक्टरों ने चारों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। सब कुछ सामान्य होने पर उन्हें होम क्वारंटाइन की हिदायत के साथ घर जाने के लिए छोड़ दिया गया।

You might also like
Leave a comment