मैट्रिमोनियल साइट पर मिले दोस्त ने महिला डॉक्टर के साथ एक दिन ‘यह’ किया, आप भी रहें सावधान
नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन – मैट्रिमोनियल साइट्स के जरिए महिलाओं से दोस्ती कर उन्हें ब्लैकमेल करने वाले को दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने धर-दबोचा है। जानकारी के मुताबिक, एक महिला डॉक्टर ने शिकायत दी कि डेटिंग ऐप से उनकी दोस्ती डॉ. रोहित गुजराल नाम के एक शख्स से हुई। उसने शादी करने की बात कहकर नजदीकियां बढ़ा लीं। झांसा देकर उनकी कुछ निजी तस्वीरें और वीडियो मंगा लिए। वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने लगा। धमकी देकर 30 हजार रुपये ऐंठ लिए। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी को सर्विलांस के जरिये लाजपत नगर मेट्रो स्टेशन के पास से दबोच लिया। फिर उसकी निशानदेही पर उसका साथी भी पकड़ा गया। आरोपी ठगी के रुपये अपने एक अन्य साथी के अकाउंट में ट्रांसफर करवाता था। बदले में उसका साथी उससे कमीशन लेता था। कई महिलाओं ने पहले भी आरोपी के खिलाफ शिकायत की थी।
आरोपी ने बताया कि बॉलीवुड मूवी कबीर सिंह देखकर ईवेंट कंपनी चलाते हुए ब्लैकमेलर बन गया। मॉडल बनने का सपना देखने वाले स्मार्ट लड़कों की तस्वीरें अपलोड कर मैट्रिमोनियल साइट्स पर अपना फर्जी अकाउंट बनाया। आरोपी महिलाओं को शादी का झांसा देकर उनकी निजी तस्वीरें हासिल कर लेता था और फिर उन्हें ब्लैकमेल करता था। निशाने पर हाईप्रोफाइल महिलाएं और युवतियां रहती थीं। गिरफ्तार आरोपियों में गाजियाबाद निवासी आनंद कुमार और उसका दोस्त प्रियम यादव शमिल हैं।