अगर थमी नहीं कोरोना की रफ्तार तो दो दिनों में मरीजों की संख्या होगी इटली के पार

0

नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन – भारत में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। लॉकडाउन का 5वां चरण शुरू हो गया है हालांकि इसे अनलॉक 1 कहा जा रहा है। इसके बावूजद इसके संक्रमण की रफ्तार धीमी नहीं हुई है। पिछले 24 घंटे में 9,851 मामले सामने आए हैं और 273 लोगों की मौत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अब तक 2,26,770 मामले सामने आ गए हैं। इनमें से 1,10,960 एक्टिव केस हैं। अब तक 6348 लोगों की मौत हो चुकी है। अच्छी बात यह है कि अब तक 1,09,462 लोग कोरोना से ठीक हो चुके है।

मौत की संख्या के लिहाज से भारत का रिकॉर्ड बेहतर –
अगर यही दर जारी रही, तो कोविड -19 के छठे सबसे बुरी तरह प्रभावित देश इटली से आगे निकलने में भारत को केवल 1 से 2 दिन लगेंगे। इटली में वर्तमान में कोविड -19 के 2,33,836 मामले हैं। हालांकि, मौत की संख्या के लिहाज से भारत का रिकॉर्ड बेहतर है। भारत में मरने वालों की संख्या इटली से पांच गुना कम है। पुष्टि किए गए कोविद -19 मामलों में कई राज्यों ने अपने उच्चतम एक दिवसीय उछाल को दर्ज किया।

इन राज्यों में कोरोना का सबसे ज्यादा असर –
कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात, तमिलनाडु जैसे राज्य प्रभावित हैं। महाराष्ट्र में 77,793 कोरोना मरीज मिल चुके हैं। इसमें से 41402 सक्रिय मरीज हैं और 33681 डिस्चार्ज हो चुके हैं। वहीं, अब तक 2710 लोगों की मौत हो चुकी है। राजधानी दिल्ली में अब तक 25004 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से 14456 सक्रिय मरीज हैं। वहीं, 9898 लोग ठीक हो चुके हैं। इसके अलावा 650 मरीजों की मौत हुई है।

तमिलनाडु में कोरोना मरीजों की संख्या 27256 हो गई है। इसमें से 12134 सक्रिय मामले हैं और 14902 लोग ठीक हो चुके हैं। उत्तर प्रदेश में अभी तक 9237 कोरोना के पॉजिटिव केस पाए जा चुके हैं। इसमें से 245 लोगों की मौत हुई है। मध्य प्रदेश में कोरोना के मामलों की संख्या 8762 है, जिसमें से 2748 सक्रिय मामले हैं और 5637 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक राज्य में 377 लोगों की मौत हुई है।

You might also like
Leave a comment