पुणे जिले में 7441 में से 4206 मरीज हुए कोरोना मुक्त

0

पुणे : पोलिसनामा ऑनलाइन – कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच पुणे जिले में संक्रमितों की संख्या सात हजार पार हो गई है। शनिवार को जिले में संक्रमितों की संख्या 241 से बढ़ गई है। जिले में अब तक कुल 7441 संक्रमित मिले हैं। हालांकि इनमें से 4206 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। फिलहाल जिले में 2913 पॉजिटिव मरीजों का इलाज जारी है। अब तक कुल 322 मौतें दर्ज हुई हैं, वहीं अस्पतालों में दाखिल मरीजों में से 195 मरीजों की तबियत गंभीर बताई जा रही है।

पुणे के संभागीय आयुक्त डॉ. दीपक म्हैसेकर द्वारा जारी किए गए बयान के अनुसार पुणे संभाग (पुणे, सातारा, सांगली, कोल्हापुर, सोलापुर) में आज कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 9364 तक पहुंच गई, हालांकि इनमें से 4799 मरीज स्वस्थ होकर अस्पताल से घर लौट चुके हैं। पूरे संभाग में अब तक 425 मौतें दर्ज हुई है, जिसमें से अकेले पुणे जिले में मृतकों की संख्या 322 है। फिलहाल अस्पतालों में दाखिल 4140 संक्रमित मरीजों में से 209 मरीजों की हालत गंभीर बताई गई है।

आज पूरे संभाग में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 383 से बढ़ गई है। इसमें से पुणे जिले में 241, सातारा जिले में 30, सोलापूर जिले में 41, सांगली जिले में 3 और कोल्हापूर जिले में 68 मरीज बढ़े हैं। पुणे संभाग में आज तक कुल 85 हजार 723 मरीजों के सैंपल जांच के लिए लिये गए। इसमें से 80 हजार 520 मरीजों की रिपोर्ट मिल चुकी है जिसमें 71 हजार 41 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव मिली है। फिलहाल 5203 मरीजों की रिपोर्ट मिलनी बाकी है। संभाग में कुल 9364 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है जिसमें अकेले पुणे जिले के पॉजिटिव मरीजों की संख्या 7441 है।

पुणे संभाग में शामिल सातारा जिले में कोरोना बाधितों की संख्या 482 हो गई है इसमें से 144 मरीज कोरोना मुक्त हुए हैं, जबकि 17 मौतें हुई हैं। फिलहाल 321 पॉजिटिव मरीजों का अस्पताल में इलाज जारी है। सोलापुर जिले में 836 पॉजिटिव मरीजों में से 321 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज मिल चुका है, जबकि 79 मरीजों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 436 पॉजिटिव मरीजों का इलाज चल रहा है। सांगली जिले में बाधितों की संख्या 101 हुई है जिसमें से 3 मरीजों की मौत हो चुकी है। जबकि 55 मरीज कोरोना मुक्त हुए हैं। फिलहाल 43 पॉजिटिव मरीजों का इलाज जारी है। कोल्हापुर में आज पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 504 तक पहुंच गया है। इसमें से 73 मरीज कोरोना मुक्त हो चुके हैं जबकि चार मरीजों की मौत हो चुकी है। जिले में फिलहाल 427 पॉजिटिव मरीजों का इलाज जारी है।

You might also like
Leave a comment