भारत ने यूके से कहा-विजय माल्या शरण मांगे तो बिल्कुल विचार न करें, अपील ठुकरा दें
![](https://policenama.com/hindi/wp-content/uploads/sites/2/2020/06/vijay-mallya.jpg)
नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन – भारत सरकार ने यूके से कहा कि अगर विजय माल्या शरण मांगे तो उसकी अपील ठुकरा दी जाए। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि यूके की संबंधित अथॉरिटीज से भारत की चिंताओं से अवगत करा दिया गया है और उनसे कहा गया है कि वो माल्या को किसी भी कीमत पर शरण नहीं दें। देश में माल्या के उत्पीड़न का कोई आधार नहीं है, लिहाजा यदि वो शरण देने का अनुरोध करता है, तो उसे स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।
सभी कानूनी रास्ते बंद : विजय माल्या के लिए लगभग सभी कानूनी रास्ते बंद हो चुके हैं। ऐसे में वह किसी न किसी तरह से अपने प्रत्यर्पण को रुकवाने की कोशिशों में लगा हुआ है। माना जा रहा है कि माल्या मानवता के आधार पर ब्रिटेन में शरण के लिए अपील कर सकता है। भारत को भी भगौड़े की इस चाल का आभास है, इसलिए उसने पहले ही ब्रिटेन से ऐसे किसी भी अनुरोध पर विचार न करने का आग्रह किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि माल्या को प्रत्यर्पण नियमों के तहत जल्द ही भारत लाया जाएगा। हम ब्रिटेन के अधिकारियों के संपर्क में हैं।
इनकार करता रहा है वह : गौरतलब है कि यूके के सुप्रीम कोर्ट ने 14 मई को विजय माल्या के भारत प्रत्यर्पण पर मुहर लगा दी थी। अब यूके के कानूनों के मुताबिक कुछ प्रक्रियाएं पूरी करनी हैं, जिसके बाद उसे कभी भी भारत लाया जा सकता है। माल्या पर देश के 17 बैंकों का 9 हजार करोड़ रुपये बकाया है। वह 2 मार्च, 2016 को भारत से चोरी-छिपे यूके भाग गया था। हालांकि, वह अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार करता रहा है। फिलहाल वह जमानत पर है।