कंगना के बेबाक बोल की नई स्क्रीप्ट, अब महात्मा गांधी पर इलजाम

October 31, 2020

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम – सुशांत प्रकरण से बेबाक बोल के साथ मीडिया में छाने वाली कंगना रनौत ने फिर नया बम फोड़ा है। इस बार कंगना ने सीधे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को कटघरे में खड़ा किया है। सरदार पटेल जयंती के मौके पर एक्ट्रेस कंगना रनौत ने ट्वीट में लिखा, ‘भारत के लौह पुरुष सरदार पटेल को उनकी जयंती पर याद करती हूं। आप एक ऐसे व्यक्ति थे, जिन्होंने हमें आज का भारत दिया है, लेकिन आपने एक प्रधानमंत्री का पद त्याग कर हमारे महान नेतृत्व और दूरदर्शिता को हमसे दूर किया है। हमें आपके निर्णय पर गहरा अफसोस है।’

एक और ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लिखा,’ वह भारत के असली लौह पुरुष हैं। मेरा मानना है कि गांधी जी नेहरू की तरह एक कमजोर दिमाग चाहते थे, ताकि वे उन्हें नियंत्रण में रख सके और नेहरू को आगे कर सभी निर्णय ले सकें। यह एक अच्छी योजना थी, लेकिन गांधी के मारे जाने के बाद जो हुआ वह बहुत बड़ी आपदा थी #SardarVallabhbhaiPatel’।

कोई उनके बोलने के अंदाज को बेबाक कहता है तो कोई बकवास। कहीं अलोचना होती है, तो कहीं तारीफ, लेकिन कंगना के ये दोनों बोल हैरान और परेशान करने वाले हैं। मुंबई की पीओके से तुलना करने वाली कंगना रनौत की स्क्रीप्ट की पीछे क्या उद्देश्य है, यह तो वही जानें, लेकिन सामान्य लोगों के हलक के नीचे उतरना इसका आसान नहीं। कुछ बातें निर्विवाद मान कर देश ने स्वीकार कर लिया है, इसलिए उसे मानस-पटल से हटाना इतना आसान भी नहीं। बहरहाल, राजनीतिक गलियारों की प्रतिक्रिया शेष है, पलटवार होना तया है।