महाराष्ट्र : राज्य में इस बड़े प्रोजेक्ट को मिली मंजूरी ! नाशिक-पुणे-अहमदनगर शहर का विकास होगा सुपरफास्ट 

 

नाशिक, 2 जून : नाशिक-पुणे सेमी हाई स्पीड रेलवे लाइन के प्रोजेक्ट प्रस्ताव को अब केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है।  महाराष्ट्र के इस बड़े प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार की सहमति मिलने से नाशिक-पुणे-अहमदनगर इन तीन जिलों के विकास को अधिक बढ़ावा मिलेगा।  इस हाई स्पीड रेलवे लाइन का काम जल्द और तेज़ गति से शुरू किये जाने की जानकारी अन्न, नागरी सप्लाई मंत्री और नाशिक के पालकमंत्री छगन भुजबल ने दी है।  वह नाशिक में भूमि अधिग्रहण को लेकर समीक्षा बैठक में बोल रहे थे।  नाशिक पुणे सेमी हाई स्पीड रेल लाइन प्रोजेक्ट पर 16 हज़ार 39 करोड़ रुपए खर्च होगा।  जबकि 235 किलोमीटर ग्रीन फील्ड सेमी हाई स्पीड डबल लाइन रेल से करीब पौने दो घंटे में यह यात्रा पूरी होगी।  केंद्र सरकार और राज्य सरकार के फंड से यह प्रोजेक्ट पूरा होगा।  यह काम महाराष्ट्र रेल मुलभुत सुविधा विकास बोर्ड के जरिये होगा।  इन तीनों जिलों के साथ इगतपुरी से मनमाड़ के बीच सेमी हाई स्पीड रेल लाइन बनाने के लिए प्रस्ताव पेश किया जाएगा।  यह जानकारी भुजबल ने दी।

क्या कहा भुजबल ने 
* नाशिक-पुणे-अहमदनगर महाराष्ट्र का औधोगिक और कृषि विकास सम्पन्न क्षेत्र है।  इस रेल लाइन से दोनों शहरों का कारोबार बढ़कर इसमें और गति आएगी।
* प्रस्तावित सेमी हाई स्पीड रेल लाइन से इन तीनों जिलों के चाकण, राजगुरुनगर, मंचर, नारायणगांव, आले फाटा, संगमनेर और सिन्नर के महत्वपूर्ण उधोग, कृषि केंद्र रेल लाइन से जुड़ जाएगा।
* भूमि अधिग्रहण के साथ यह  प्रोजेक्ट साढ़े तीन साल में पूरा होगा।  प्रति घंटे 200 किलोमीटर की रफ़्तार से ट्रेन चलेगी।
* पार्सल वैन की सुविधा वाली यह रेल मार्ग नाशिक ओझर और पुणे एयरपोर्ट से जुड़े होने की वजह से इसे कार्गो ट्रैफिक से जोड़ा जाएगा।
* नाशिक रोड, शिंदे, मोहदरी, सिन्नर, दोड़ी, पलसखेड़े, सोनेवाड़ी, संगमनेर, अम्भीरे, साकुर, जामबुत, बोटा, आले फाटा, भोरवाड़ी, नारायणगांव, मंचर, राजगुरुनगर, चाकण, वाघोली, केलवडी, मांजरी, हडपसर, पुणे ऐसे 14 स्टेशन होंगे।
* तीनों जिलों से 101 गांव की 1300 हेक्टर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा।