आयरलैड से आया फोन… आपका एक बंदा लाइव लगा रहा है फंदा, फिर देश की पुलिस ने यह किया

0

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम – नई दिल्ली में एक अजीबोगरीब वाकया हुआ। पत्नी से लड़कर मुंबई पहुंचे शख्स ने आत्महत्या की कोशिश की। यह शख्स 14 दिन पहले पत्नी से झगड़ा कर मुंबई गया था। वहां वह छोटे से होटल में काम कर रहा था। पत्नी को उसके मुंबई के ठिकाने के बारे में नहीं पता था। सिर्फ उसका मोबाइल नंबर था। इधर वह, फेसबुक लाइव कर वह कभी पंखे से लटकने तो कभी फंदा बनाने की कोशिश कर रहा था।

यह है पूरा मामला : मुंबई में हो रही इस घटना का अलर्ट आयरलैंड में बैठी फेसबुक की लेडी अफसर को आर्टिफिशल इंटेलिजेंस सिस्टम से मिला। उसने तुरंत आयरलैंड से दिल्ली पुलिस को कॉल की। दिल्ली पुलिस के साइबर सेल के डीसीपी ने बताया कि शनिवार शाम करीब 8 बजे फेसबुक की लेडी अफसर का कॉल आया। उसने ईमेल भेजकर फेसबुक अकाउंट से जुड़ी डीटेल जैसे फोन नंबर आदि साझा किए। अकाउंट दिल्ली की एक महिला के नाम था। फेसबुक पर मोबाइल नंबर भी रजिस्टर्ड था। पुलिस ने मोबाइल नंबर के जरिए पहले महिला के घर का पता लगाया, जो ईस्ट दिल्ली के मंडावली इलाके का निकला।

डीसीपी साइबर सेल ने ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी से जानकारी साझा की। स्थानीय पुलिस थोड़ी ही देर में इस महिला के घर पहुंच गई। पुलिस ने पूछताछ की तो महिला ने बताया कि फेसबुक पर मौजूद नंबर तो उसका है, लेकिन अकाउंट उनके पति चलाते हैं, जो इन दिनों मुंबई में हैं। तुरंत मुंबई पुलिस के अफसरों से संपर्क साधा गया। इसके बाद मुंबई पुलिस की साइबर सेल ऐक्टिव हुई। इस सेल के अफसरों ने आत्महत्या की कोशिश कर रहे शख्स को फोन कर उसका तनाव कम करने की कोशिश की। इसी बीच, मुंबई पुलिस लोकेशन ट्रेस करते हुए भायंदर इलाके में उसके ठिकाने पर पहुंच गई। पुलिस ने पूरी स्थिति को संभाल लिया। इसके बाद शख्स की काउंसलिंग करवाई।

You might also like
Leave a comment