हजारों समर्थकों के साथ विधायक लांडगे का शक्ति प्रदर्शन

0
पिंपरी : पुलिसनामा ऑनलाइन – हजारों समर्थकों की भीड़ में जोरदार शक्ति प्रदर्शन करते हुए भोसरी विधानसभा चुनाव क्षेत्र के विधायक महेश लांडगे ने शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। भाजपा सांसद गिरीश बापट, राज्यसभा सांसद अमर साबले, पिंपरी चिंचवड़ नवनगर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष सदाशिव खाड़े, भाजपा के शहराध्यक्ष व विधायक लक्ष्मण जगताप, महापौर राहुल जाधव, पूर्व महापौर नितिन कालजे, वरिष्ठ नेता उमा खापरे, बालासाहेब गव्हाने, सभागृह नेता एकनाथ पवार, स्थायी समिति सभापति विलास मडिगेरी आदि उनके साथ थे।
एक अक्टूबर को भाजपा ने अपने प्रत्याशियो की पहली लिस्ट जारी की, इसमें मौजूदा विधायक महेश लांडगे को भोसरी से प्रत्याशी घोषित किया गया। 2014 में लांडगे ने बतौर निर्दलीय चुनाव लड़ा और 15 हजार वोटों से जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्होंने भाजपा को अपना समर्थन दिया और उसके सहयोगी विधायक बने। तीन साल पहले विधायक लांडगे और विधायक जगताप के नेतृत्व में पिंपरी चिंचवड़ मनपा पर मनपा इतिहास में पहली बार भाजपा का परचम लहराया और पार्टी ने निर्विवाद सत्ता स्थापित की।
दूसरी बार विधायक लांडगे भाजपा की ओर से भोसरी विधानसभा के मैदान में उतरे हैं। आज अपने हजारों समर्थकों की भीड़ में जोरदार शक्ति प्रदर्शन करते हुए उन्होंने भोसरी विधानसभा की निर्वाचन अधिकारी रेश्मा माली को नामांकन पत्र पेश किया। इससे पहले भोसरी में महेशदादा स्पोर्ट्स फाउंडेशन के मैदान से विशाल रैली निकाली गई। पारंपरिक वाद्यों और विधायक लांडगे के जयकारों के साथ निकली इस रैली में महिलाओं का सहभाग उल्लेखनीय रहा। वारकरी संप्रदाय के वारकरियों ने भी बड़े उत्साह के साथ रैली में हिस्सा लिया। फूलों की वर्षा और पटाखों की आतिशबाजी से जगह-जगह रैली का स्वागत किया गया।
You might also like
Leave a comment