भारतीय इंजीनियर का दावा- प्रज्ञान ने चांद की सतह पर रखा था कदम

0

चेन्नई. ऑनलाइन टीम – मिशन चंद्रयान 2 को एक साल हो चुका है और अभी भी देश के लोग उस ऐतिहासिक पल को भूल नहीं पा रहे हैं। वैज्ञानिकों की भी जिज्ञासा शांत नहीं हुई है। चंद्रयान 2 के विक्रम लैंडर और रोवर प्रज्ञान को लेकर लगातार शोध जारी है। ISRO अब भी इससे संपर्क साधने की लगातार कोशिश कर रहा है। इसी क्रम में चेन्नई के रहने वाले इंजीनियर शनमुगा गुप्ता सुब्रमण्यम ने NASA की तस्वीर देखने के बाद लैंडर विक्रम को चांद की सतह पर ढूंढ लिया है। शनमुगा सुब्रमण्यम ने चंद्रयान 2 की LRO की नई तस्वीरों को देखकर रोवर प्रज्ञान के बारे में एक जानकारी साझा की है। उनके अनुसार, विक्रम की लैंडिंग भले ही सही तरीके से न हो पाई हो लेकिन, रोवर प्रज्ञान ने चांद की सतह पर कदम रख लिया था। जिस तरह से उसमें प्रोग्राम किया गया होगा, बाद में वह विक्रम से बाहर निकलकर कुछ दूर तक गया होगा। बहरहाल, शनमुगा सुब्रमण्यम की बातों और दावों से रोवर प्रज्ञान को लेकर उम्मीद की नई किरण जगी है।

यहां से जगी आस : सुब्रमण्यम ने बताया कि चार जनवरी को एक तस्वीर ली गई थी, जिस पर उन्होंने स्टडी किया। नासा की तस्वीर में चांद की सतह पर कुछ अलग दिखाई दिया है। उन्होंने बताया कि नई फोटो में कुछ ऐसी चीजें नजर आई हैं, जो विक्रम लैंडर से दूर हैं और ऐसा दृश्य पहले नहीं था। वह कुछ और नहीं बल्कि लैंडर विक्रम के अंदर मौजूद रोवर प्रज्ञान था। बकौल सुब्रमण्यम विक्रम लैंडर चांद के जिस हिस्से पर लैंड करने वाला था, वहां रोशनी काफी कम होती है। LRO की ओर से जारी तस्वीर में सूरज का एंगल अलग था, जिसके कारण रोवर प्रज्ञान दिखाई नहीं दिया। लेकिन, जनवरी महीने में रोशनी पहले से ज्यादा और अच्छी थी। रिफ्लेक्शन के कारण इस बार रोवर प्रज्ञान नजर आ गया। अब देखना यह होगा कि शनमुगा की इस जानकारी पर इसरो और नासा क्या कहते हैं।

You might also like
Leave a comment