पुणे बना देश में कोरोना का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट

0

पुणे। पुलिसनामा ऑनलाइन – पूरे देश में कोरोना वायरस संक्रमण के आँकड़े लगातार बढ़ रहे हैं। अब तक के आंकड़ों पर गौर करें तो देश के कुल सक्रिय मामलों में से 30 फीसदी मामले महाराष्ट्र से ही हैं। महाराष्ट्र के पुणे में कोरोना सबसे ज्यादा तबाही मचा रही है। अगर पुणे की बात करें तो यहाँ से महाराष्ट्र के एक तिहाई मामले सामने आए हैं। पुणे में महाराष्ट्र के कुल 32.4 फीसदी सक्रिय मामले हैं। पुणे में कोरोना महामारी के संक्रमितों की संख्या तेज़ी से बढ़ रही है।

पूरे महाराष्ट्र में कोरोना के एक लाख 48 हजार 601 मामले हैं। इनमें से 48 हजार 180 मामले अकेले पुणे में हैं। पिछले 5 दिनों में पुणे में क्रमशः 3606, 3187, 3381, 3088 और 3196 नए मामले सामने आए हैं। इस तरह से पिछले 5 दिनों में पुणे जिले में 16 हजार से भी अधिक सक्रिय मामले सामने आए हैं। कुल संख्या की बात करें तो पुणे में अब तक कोरोना के 76 हजार 203 मामले सामने आए हैं। इनमें से अब तक 1793 लोगों की मौत हुई है।

राजधानी दिल्ली में महामारी की विदारक स्थिति सुधरने के बाद वहाँ कोरोना के 11 हजार 904 संक्रमित ही बचे हैं। फ़िलहाल पुणे सक्रिय मामलों के केस में देश का सबसे ज्यादा प्रभावित जिला बन गया है। महाराष्ट्र में इसके बाद ठाणे (36,174) और मुंबई (22,536) का स्थान है। ये महाराष्ट्र के टॉप-3 जिले हैं, जो फ़िलहाल कोरोना से सबसे ज्यादा बदहाल हैं। महाराष्ट्र के बाद कर्नाटक कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है, जहाँ कुल 58 हजार 414 सक्रिय मामले हैं।

कर्नाटक के बाद तमिलनाडु कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है, जहाँ कुल 53 हजार 703 सक्रिय मामले हैं। इसके बाद आंध्र प्रदेश का नँबर आता है, जहाँ 48 हजार 956 सक्रिय मामले हैं। देश के 4 राज्यों को छोड़ दें तो बाकी सभी राज्यों में पुणे की आधी संख्या में भी कोरोना मामले नहीं हैं। इस तरह से पुणे में देश के कुल 10% कोरोना मामले हैं। देश के चार राज्यों में पुणे से ज्यादा मामले हैं, बाकी के 24 राज्यों में इसकी आधी संख्या में भी कोरोना मरीज नहीं हैं।

You might also like
Leave a comment