पुणे मनपा : कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत कर्मचारियों के वेतन में 7 हजार तक वृद्धि के आसार

0

पुणे : पुलिसनामा ऑनलाईन – पुणे मनपा के विभिन्न विभागों मेें करीब सात हजार महिलाएं व पुरुष कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम पर काम कर रहे हैं। कॉन्ट्रैक्टर द्वारा इन कर्मियों को नाम-मात्र का ही वेतन दिया जाता है। 8 से 10 साल तक काम करने के बाद भी वे अब तक न्यूनतम वेतन व समान वेतन से वंचित हैं। कॉन्ट्रैक्टकर्मियों को उचित वेतन दिए जाने की मांग को लेकर यूनियन द्वारा कई बार आंदोलन व प्रदर्शन किए गए। अतिरिक्त मनपा आयुक्त रूबल अग्रवाल ने यूनियन की मांग पर कार्यवाही करते हुए कॉन्ट्रैक्टकर्मियों को 24 फरवरी 2015 को कॉन्ट्रैक्टकर्मियों के वेतन के विषय में सरकार द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार वेतन दिए जाने का आदेश जारी किया है। इसके चलते कॉन्ट्रैक्टकर्मियों के वेतन में 4 से 7 हजार रुपए तक वृद्धि की संभावना है। 

काम में लापरवाही सहन नहीं की जाएगी
इस विषय में यूनियन द्वारा गणेश कला क्रीड़ा रंगमंच में आयोजित विजय मेला की अध्यक्षता कॉ. उदय भट ने की। सम्मेलन को संबोधित करते हुए अतिरिक्त मनपा आयुक्त रूबल अग्रवाल ने कहा, मैं कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत कर्मचारियों की सभी समस्याए हल करने के लिए तत्पर हूं, मगर कर्मचारी भी अपने कार्य ईमानदारी से करें। काम में लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। चीफ लेबर ऑफिसर शिवाजी दौंडकर ने न्यूनतम वेतन को लेकर सरकार द्वारा जारी किए गए सर्कुलर की जानकारी देते हुए कहा कि कोई भी कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी न्यूनतम वेतन से वंचित न रहे यह सीएलओ होने के नाते मेरी जिम्मेदारी है। जो ठेकेदार कर्मचारियों की पीएफ की राशियां, ईएसआई हेतु काटी गई रकम तथा दुर्घटना बीमा की किश्तें समय पर अदा नहीं करते, उनके बिल मंजूर नहीं किए जाएंगे। जनरल सेके्रटरी कॉ. मुक्ता मनोहर ने कॉन्ट्रैक्टकर्मियों को एकजुट होकर संघर्ष करने की राय दी।

देश में मजदूरों का शोषण करने वाला वर्ग प्रॉपर्टी जोड़ रहा
अध्यक्षीय भाषण में कॉ. उदय भट ने कहा, राष्ट्रीय स्तर के कई मजदूर संगठनों ने ठेकेदारीकरण का विराध किया है। इसके खिलाफ देशभर के कर्मचारियों को एकजुट होकर संघर्ष करना चाहिए। देश में मजदूरों का शोषण करने वाला वर्ग प्रॉपर्टी जोड़ रहा है तथा दूसरी तरफ कॉन्ट्रैक्ट पर कार्य करने वाले कर्मचारी कर्ज से दबते जा रहे हैं। इस स्थिति को बदलने के लिए सभी को एकजुट होकर संघर्ष करना चाहिए।
प्रास्ताविक भाषण मयूर खरात ने  दिया। कार्यक्रम का सूत्र संचालन संदीप मोरे ने किया। यूनियन के सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता व करीब 4 हजार कर्मचारी सम्मेलन में शामिल हुए। समापन कार्याध्यक्ष डॉ। चंद्रकांत गमरे के हाथों किया गया। यह जानकारी कार्यालयीन महासचिव कॉ। वैजीनाथ गायकवाड़ ने दी।  

You might also like
Leave a comment