विषय समिति अध्यक्ष पदों के चुनाव निर्विरोध होने तय

0
पिंपरी : पोलीसनामा ऑनलाईन – सदस्यों की नियुक्ति के बाद पिंपरी चिंचवड मनपा की विषय समितियों के अध्यक्ष पदों के चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सोमवार को मनपा की विधि, महिला व बालकल्याण, शहर सुधार और क्रीड़ा, कला, साहित्य व सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष पदों के लिए एक- एक नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इससे भाजपा की अश्विनी बोबडे, निर्मला कुटे, राजेंद्र लांडगे और तुषार हिंगे का निर्विरोध चयन तय हो गया है। विपक्षी दल राष्ट्रवादी कांग्रेस की ओर से एक भी नामांकन दाखिल न किये जाने से शुक्रवार (14 जून) को घोषित चुनाव औपचारिक भर साबित होंगे।
विषय समितियों के अध्यक्ष पदों के चुनाव हेतु आज दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाने थे। इस मियाद में सत्तादल भाजपा के सदस्यों के एक- एक नामाँकन पत्र दाखिल किए गए। विपक्षी दल राष्ट्रवादी कांग्रेस ने इन चुनावों में कोई रुचि नहीं दिखाई। इसके चलते भाजपा के सदस्यों का निर्विरोध चुने जाने का रास्ता आसान हो गया है। विधि समिति अध्यक्ष पद के लिए अश्विनी बोबडे, महिला व बालकल्याण समिति अध्यक्ष पद के लिए निर्मला कुटे, शहर सुधार समिति अध्यक्ष पद के लिए राजेंद्र लांडगे और क्रीड़ा, कला, साहित्य व सांस्कृतिक समिति अध्यक्ष पद के लिए तुषार हिंगे के नामांकन दाखिल हुए हैं। शुक्रवार (14 जून) की सुबह 11 बजे मनपा मुख्यालय के स्व मधुकर पवले सभागृह में इन पदों के लिए चुनाव होने हैं। जोकि अब एक- एक नामांकन दाखिल होने से निर्विरोध होने तय हैं। ऐसे में पुणे मनपा के अतिरिक्त आयुक्त रुबल अग्रवाल की अध्यक्षता में होनेवाली चुनाव प्रक्रिया महज औपचारिकता भर साबित होगी।
You might also like
Leave a comment