फायरिंग के बाद 12 घन्टे के भीतर 3 आरोपी क्राइम ब्रांच के शिकंजे में 

अंतरजातीय विवाह की नाराजगी में युवक पर सरेराह फायरिंग

0
पिंपरी : पोलीसनामा ऑनलाईन – पुणे-मुंबई हाइवे पर चांदनी चौक के पास सरेराह हुई फायरिंग की वारदात ने समूचे पुणे शहर में सनसनी मचा दी। बुधवार की शाम साढ़े सात बजे के करीब हुई इस वारदात में तुषार प्रकाश पिसाल (20, निवासी  राजेगांव, भोर, पुणे) नामक युवक घायल हुआ है। उसका पुणे के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। अंतरजातीय विवाह की नाराजगी में पत्नी के चचेरे भाइयों ने फायरिंग की इस वारदात को अंजाम दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
इस वारदात के 12 घन्टे के भीतर पुणे पुलिस की क्राइम ब्रांच ने आकाश लहू तावरे (22), सागर लहू तावरे (24), सागर रामचंद्र पालवे (21, निवासी राजेगांव, भोर, पुणे) नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। उनके अन्य साथियों की तलाश शुरू है। हिंजवड़ी पुलिस ने तुषार पिसाल का बयान दर्ज कर राजू तावरे, आकाश तावरे, सागर तावरे (सभी निवासी राजेगांव, भोर, पुणे), सागर पालवे के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
क्या है मामला
हिंजवड़ी पुलिस के अनुसार, तुषार का आरोपियों की भतीजी से विवाह हुआ है। यह विवाह अंतरजातीय विवाह रहने से उसकी पत्नी विद्या के चाचा और भाई उनसे नाराज हैं। कल की वारदात भी इसी नाराजगी का प्रतीक है। यह भी बताया जा रहा है कि आरोपियों ने इससे पहले भी तुषार की जान लेने की कोशिश की है। कल शाम साढ़े सात बजे चांदनी चौक में तुषार पर तब फायरिंग की गई जब वह अपने दो दोस्तों के साथ किसी की शादी में शामिल होकर दोपहिया से घर लौट रहा था।
कैसे हुई वारदात
चांदनी चौक में एक बन्द पड़े पेट्रोल पंप के पास आरोपियों उसकी दोपहिया रूकवा कर उसे घेर लिया। इसके बाद राजू तावरे ने तुषार पर पांच राउंड फायरिंग की और उसे गालियां देते हुए वहां से भाग निकले। पेट, पीठ और छाती में गोलियां लगने से तुषार गंभीर रूप से घायल हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर चांदनी चौक में ट्रैफिक कंट्रोल कर रहे पुलिसकर्मी मौके पर दौड़ गए। हालांकि तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। तुषार को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, यहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
कैसे पकड़ाए गए आरोपी
हिंजवड़ी पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जानकारी हासिल की और छानबीन शुरू कर दी। इस बीच पुणे पुलिस की क्राइम ब्रांच यूनिट 1 की टीम के पुलिसकर्मी सुनील पवार को पैट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से जानकारी मिली कि, चांदनी चौक में फायरिंग करनेवाले कुछ आरोपी पुणे के जंगली महाराज रोड पर सँभाजी उद्यान के पास हैं। इसके अनुसार क्राइम ब्रांच के सहायक पुलिस आय़ुक्त भानुप्रताप बर्गे के मार्गदर्शन में यूनिट 1 के पुलिस निरीक्षक अंजूम बागवान, उपनिरीक्षक विजय झंजाड, कर्मचारी सुनील पवार, शंकर संपते, विशाल शिर्के, शंकर पाटील, रमेश चौधर, निलेश शिवतरे की टीम ने जाल बिछाकर आकाश तावरे, सागर तावरे और सागर पालवे को गिरफ्तार कर लिया।
You might also like
Leave a comment