रामलला के खाते से 6 लाख उड़ाने का मामला…महाराष्ट्र के 4 आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड अभी भी फरार

अयोध्या. ऑनलाइन टीम : अयोध्या में रामलला के खाते से उड़ाए गए 6 लाख रुपये के मामले में पुलिस ने महाराष्ट्र के 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में प्रशांत महाबल शेट्टी फोर्ट मुंबई, विमल लल्ला ठाणे, शंकर सीता राम मुंबई व संजय तेजराज, मुंबई का रहने वाला है। चारों की गिरफ्तारी अयोध्या के ही राम की पैड़ी पर की गई। चारों को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, जिसके बाद उन्होंने अपना जुर्म कुबूल किया और उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के सामने पेश किया गया।
मामले का मास्टरमाइंड अभी फरार है। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के खाते से 9 सितंबर 2020 को 6 लाख रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर करा लिए गए थे। इस संबंध में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने अयोध्या कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। फ्रॉड करने वाला मास्टरमाइंड वाराणसी का रहने वाला बताया जाता है। वर्तमान में वह मुंबई में रह रहा था। डीआईजी एसएसपी दीपक ने बताया कि ट्रस्ट के खाते में 9 लाख 86 हज़ार रुपये जमा थे, जिसमें 6 लाख रुपये की लिमिट लगाई गई थी। आरोपियों ने इसे 2 लाख 50 हज़ार एक बार व दूसरी बार 3 लाख 50 हज़ार ट्रस्ट के खाते से पैसा ट्रांसफर करवाया।
बता दें, बीते दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राम मंदिर भूमि पूजन के बाद से बड़ी संख्या में दानदाता आगे आ रहे हैं। इसी का फायदा उठाते हुए कुछ फर्जी वेबसाइट भी सामने आई हैं, जो राम मंदिर के नाम पर चंदा मांग रही है। ट्रस्ट की ओर से अपील की गई है कि लोग फर्जी वेबसाइट्स से बचें और ट्रस्ट के आधिकारिक बैंक खातों में ही राशि जमा करें। एनआरआई दान दाताओं के लिए अलग खाता बनाया गया है।