सीएम फडणवीस और कैबिनेट मंत्री बाढ़ पीड़ितों को देंगे एक महीने की सैलरी

0

मुंबई : पुलिसनामा ऑनलाइन – महाराष्ट्र बाढ़ पीड़ितों के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्य के कैबिनेट मंत्री अपनी एक महीने की सैलरी दान देंगे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, सभी मुख्यमंत्री राहत कोष में एक महीने का वेतन जमा कराएंगे। वहीं, पश्चिमी महाराष्ट्र के कोल्हापुर और सांगली जिलों में बाढ़ का पानी घटने के साथ ही इन दोनों जिलों के प्रशासन अब बारिश के प्रकोप से प्रभावित लोगों को आवश्यक आपूर्ति प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि दोनों जिलों में बचाव अभियान खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि तदनुसार आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए उन्होंने नुकसान का आकलन करना शुरू कर दिया है।

कोल्हापुर के रेजिडेंट डिप्टी कलेक्टर संजय शिंदे ने कहा कि मुंबई-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-4) पिछले सप्ताह बाढ़ के पानी में डूबा हुआ था। अब बाढ़ के पानी के घटने के बाद सोमवार को यह राजमार्ग आंशिक रूप से यातायात के लिए खोल दिया गया और धीमी गति से वाहनों की आवाजाही की अनुमति दी गई।

राज्य के कोंकण और पश्चिमी हिस्सों में भारी बारिश के कारण कोल्हापुर और सांगली जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं, जहां पिछले नौ दिनों में जलप्रलय में 43 लोगों की मौत हो गई। शिंदे ने कहा, कोल्हापुर में बचाव अभियान पूरा हो गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग खुला है और यातायात की गति धीमी है। पेट्रोल, डीजल और गैस की आपूर्ति बहाल कर दी गई है। बिजली और फोन संपर्क बहाल करने का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है।

You might also like
Leave a comment