40 मजदूरों से भरी बस को ट्रक ने मारी टक्कर

0

पुणे से जा रहे थे झारखंड; हादसे में 2 मृत, 5 गंभीर

पुणे : पोलिसनामा ऑनलाइन – लॉकडाउन के दौरान पुणे में फंसे झारखंड के 40 मजदूरों को लेकर जा रही एक बस का छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मजदूरों से भरी इस बस को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इसमें बस का ड्राइवर सहित दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 25 मजदूर घायल हो गए हैं, जिसमें से 5 मजदूर गंभीर बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को बिलासपुर भेजा गया है।

बिलासपुर-रायपुर मार्ग पर ये हादसा हुआ है। हादसे के दौरान बस में करीब 40 मजदूर सवार थे। यह बस मजदूरों को लेकर बिलासपुर रेलवे स्टेशन की ओर आ रही थी, इस दौरान ये हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। इन मजदूरों को पुणे से झारखंड जाना था। राजनांदगांव के पास सभी को छोड़ गया। यहां से शासन की बस से उन्हें बिलासपुर स्टेशन ले जाया जा रहा था। मजदूरों को झारखंड की ट्रेन से आज दोपहर रवाना होना था। स्थानीय पुलिस के मुताबिक बिलासपुर-रायपुर मार्ग पर मीत ढाबे के पास कोयले से भरी ट्रक और बस में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई।

ट्रेलर से टकराई बस, 6 घायल
पुणे से झारखंड के गढ़वा पलामू जिले के 14 मजदूर किराए में ट्रैवलर से वापस लौट रहे थे। मंगलवार की सुबह लगभग 4 बजे ट्रैवलर कटघोरा-अंबिकापुर बायपास में जैन जरा गांव के पास पहुंची। इस दौरान तेज रफ्तार ट्रैवलर बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। घटना में चालक गणेश घाटे स्टेयरिंग में फंसने से घायल हो गया। जबकि मजदूरों में शामिल रमेश राम, अशोक पासवान, अशोक कुमार चौधरी व सूरज कुमार घायल हुए। घटना के बाद सभी को कटघोरा अस्पताल दाखिल कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के बाद शाम तक मजदूरों को छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने वाहन की व्यवस्था कर घायल मजदूरों समेत झारखंड के सभी मजदूरों को रवाना किया। मामले में कटघोरा पुलिस ने आरोपी ट्रैवलर चालक गणेश घाटे के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।

You might also like
Leave a comment