होटल खरीदने की बात बताकर की 40 हज़ार की शॉपिंग; अमित शाह का रिश्तेदार बताकर विधायक को ठगने का प्रयास
नई दिल्ली, 30 नवंबर
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम पर ठगी करने वाले विराज शाह को आगरा से गिरफ्तार कर लिया गया है। विराज शाह आगरा के दक्षिण विधानसभा सीट से विधायक योगेंद्र उपाध्याय को जाल में फंसाने का प्रयास कर रहा था। लेकिन उन्हें संदेह होने पर इस ठग को पुलिस के हवाले कर दिया।
योगेंद्र उपाध्याय ने विराज शाह के खिलाफ नाई की मंडी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। पिछले पांच छह दिनों से विराज शाह योगेंद्र उपाध्याय को फ़ोन कर रहा था और खुद को अमित शाह का साला बता रहा था। उसने बताया कि उसके परिवार को आगरा में होटल खरीदना है। इसके लिए वह विधायक के घर आया और विधायक से बातचीत की। इसके बाद शॉपिंग करने की बात कही। इसके बाद विधायक के बेटे शॉपिंग करने मार्केट गया।
विराज शाह ने बाजार में एक रेडीमेड कपडे की दुकान से 40 हज़ार रुपए की खरीदारी की। इसके बाद उसने अपने साथ आये विधायक के बेटे को बिल पेड़ करने के लिए कहा। विधायक के बेटे ने जब अपने पिता को यह बात बताई तो तब उनके मन में कुछ संदेह हुआ. इसके बाद उन्होंने विराज को पकड़वाने के लिए जाल बिछाया। योगेंद्र उपाध्याय ने विराज का नंबर गूगल पे पर डाला और जानकारी निकाली। तब उन्हें पता चला कि व्यक्ति उनके साथ ठगी कर रहा है।