चुनावी मोड में चंद्रकांत पाटिल, कार्यकर्ताओं को दी ये बड़ी नसीहत 

0

पुणे : पुलिसनामा ऑनलाईन – यू तो विधानसभा चुनाव में कई महीने बाकी है लेकिन भाजपा के नये प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल अभी से चुनावी मोड में नजर आ रहे हैं। वह कार्यकर्ताओं को ऐसे ट्रेंड कर रहे हैं ताकि विधानसभा चुनाव में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रहे। पिछले 5 वर्षों में राज्य सरकार ने कसरत कर अच्छे कार्य किये हैें, जिसके कारण आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन की सरकार बनेगी। इस बात से आश्वस्त होकर संगठनात्मक संरचना की अनदेखी करना अनुचित होगा कि सरकार तो अपनी ही बनेगी। संगठन पर ध्यान नहीं दिया तो भाजपा की हालत भी कांग्रेस के जैसी हो जाएगी। इसलिए कार्यकर्ता सक्रिय होकर जुट जाएं और संगठनात्मक संरचना पर ध्यान दें। यह अपील भाजपा प्रदेशाध्यक्ष व पालकमंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कार्यकर्ताओं से की। शहर भाजपा द्वारा सोमवार को महर्षिनगर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में वे बोल रहे थे।

इस अवसर पर मंच पर शहराध्यक्ष योगेश गोगावले, पूर्व मंत्री विधायक दिलीप कांबले, माधुरी मिसाल, भीमराव तापकीर, योगेश टिलेकर, मेधा कुलकर्णी, जगदीश मुलीक, मनपा में सभागृह नेता श्रीनाथ भिमाले, स्थायी समिति के पूर्व अध्यक्ष मुरलीधर मोहोल, गणेश बीड़कर आदि थे

महापुरुषों के विचारों की संस्कृति स्थापित करनी है
चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि हमें राज्य व देश से कांग्रेस की भ्रष्टाचार व जातिवाद की संस्कृति को खत्म कर महापुरुषों के विचारों की संस्कृति स्थापित करनी है। समाज के विभिन्न वर्गों को अपनी ओर आते हुए देखकर न डरें। आम आदमी का मत-परिवर्तन करने के लिए कार्यकर्ताओं को काम करना चाहिए।

भाजपा विधायकों की संख्या 100 से कम नहीं होनी चाहिए
उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा विधायकों की संख्या 100 से कम नहीं होनी चाहिए। इसके लिए मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, नगरसेवकों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को मेहनत करनी होगी। हर एक को कम से कम 7 दिन पार्टी के विस्तार व सदस्यों की संख्या बढ़ाने के लिए काम करना चाहिए। लोकसभा चुनाव के समय ऐन वक्त पर उम्मीदवार बदलने के बावजूद लाखों वोटों से भाजपा के प्रत्याशियों की जीत हुई। इसका कारण आम जनता भाजपा के साथ है। विधानसभा चुनाव में भी राज्य में अपनी सत्ता आयेगी और इसके लिए अभी से मेहनत करनी होगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा आज तक लिये गये फैसलों व किये गये कार्यों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना जरूरी है। साथ ही महिला वर्ग को पार्टी से जोड़कर राज्य से 21 लाख राखियां मुख्यमंत्री को भेजने का लक्ष्य हासिल करना होगा। राज्य के साढ़े 4 करोड़ वोटर्स हैं तथा भाजपा को एक करोड़ 70 लाख से अधिक मत मिलने ही चाहिए। इसके लिए हर प्रभाग के कार्यकर्ता को कार्य करना होगा।

You might also like
Leave a comment