पालघर फिर हुआ बदनाम…इस बार 3 साल की बच्ची से हैवानियत, अपहरण कर ले गया था खेत में  

युवती
January 5, 2021

नई दिल्ली . ऑनलाइन टीम : महाराष्ट्र का पालघर एक बार फिर बदनाम हुआ है। इस बार एक 3 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। कथित तौर पर अपहरण करने और उसके साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

मामला तालासारी तालुका के एक गांव की है। 3 साल की बच्ची और उसकी मां अपनी झोपड़ी में सो रहे थे और तभी 38 वर्षीय आरोपी वहां घुस आया। पुलिस के अनुसार, इसके बाद बच्ची का अपहरण करके उसे एक खेत में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया और बच्ची को वहीं छोड़कर फरार हो गया।

इधर बच्ची को घर में नहीं देख परिजन परेशान हो गए। अगल-बगल के लोगों ने खोजने में साथ दिया, तो वह खेत में मिली। उसकी स्थिति देख शीघ्र एक ग्रामीण अस्पताल में ले जाया गया, जहां अभी उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज करने के बाद आरोपी की खोजबीन शुरू की और श्वान दस्ते की मदद से आरोपी का पता लगा लिया।

वह पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश दमन की एक फैक्टरी में काम करता था। आरोपी को रविवार को गिरफ्तार किया गया और उस पर भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण संबंधी अधिनियम (पॉक्सो) के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। उसे सोमवार को एक स्थानीय मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जिन्होंने उसे छह जनवरी तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।