लॉकडाउन में खो गए ‘राधा-कृष्ण’, थाने पहुंची शिकायत, पुलिस ने ‘ऐसे’ सुलझाई गुत्थी

0

उदयपुर :  समाचार ऑनलाइन – राजस्थान के कुंवारिया थाने में अचानक एक 1 साल का बच्चा पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। शिकायत भी ऐसी कि थाने वाले परेशान हो गए। 11 वर्षीय बालक करण सिंह ने थानाधिकारी पेशावर खान को शिकायत करते हुए कहा कि एक महिला उसके पालतू तोते नहीं लौटा रही। बालक का कहना था कि उसने दो तोते पाल रखे थे। उनका नाम कृष्णा और राधा रखा हुआ था। लॉकडाउन के दौरान उसके तोते उड़ गए और वह उन्हें ढूंढ नहीं पाया। जैसे ही लॉकडाउन में थोड़ी ढील मिली तो उसने तोतों को ढूंढना शुरू कर दिया। उसके दोनों तोते उसके घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर एक घर में थे, जिसे वहां एक महिला ने कैद करके रखा हुआ था। थानाधिकारी ने हेड कांस्टेबल हरी सिंह तथा रोशन लाल को बालक के साथ उस महिला के घर जाकर जांच करने को कहा।

महिला ने पुलिसकर्मियों को भी तोते देने से इनकार कर दिया और कहा कि वह कैसे माने की यह तोते इस बालक के हैं। इस पर बालक ने कहा कि दोनों तोते उसे पहचानते हैं। वह उनके नाम से पुकारेगा तो दोनों उसके पास आ जाएंगे। इस पर पुलिस की समझाइश पर महिला मानी और तोते कैद से मुक्त किए। बालक ने जैसे ही तोतों को नाम से पुकारा, दोनों तोते उसके कंधे पर आकर बैठ गए। इस तरह पुलिस ने तोते बालक को दिलाए और वह खुशी-खुशी अपने घर लौट गया। इधर, थानाधिकारी पेशावर खान का कहना है कि हमें भी इस फैसले से खुशी है।

You might also like
Leave a comment