लामबंद हुए थे इसी दिन मजदूर, हक का यह संघर्ष 132 साल पुराना

0

नई दिल्ली. पोलिसनामा ऑनलाइन – 1 मई को पूरे विश्व में मजदूर दिवस मनाया जा रहा है। भारत समेत दुनिया के करीब 80 देशों में राष्ट्रीय अवकाश रहेगा। दरअसल, एक मई का दिन इतिहास में मजदूर दिवस के तौर पर दर्ज है। दुनिया में मजदूर दिवस मनाने का चलन करीब 132 साल पुराना है। मजदूरों ने काम के घंटे तय करने की मांग को लेकर 1877 में आंदोलन शुरू किया, इस दौरान यह दुनिया के विभिन्न देशों में फैलने लगा। एक मई 1886 को पूरे अमेरिका के लाखों मज़दूरों ने एक साथ हड़ताल शुरू की। इसमें 11,000 फ़ैक्टरियों के कम से कम तीन लाख अस्सी हज़ार मज़दूर शामिल हुए और वहीं से एक मई को मजदूर दिवस के रूप में मनाने की शुरूआत हुई।

यह हुआ था अमेरिका में : कहा जाता है कि इसी दिन दुनिया की सबसे ताकतवर देश के मजदूरों ने अपने-अपने मालिकों के खिलाफ विद्रोह कर दिया था। मामला अमेरिका का था। वहां की कंपनियों में काम करने वाले वकर्स ने काम के घंटे आठ करने की लंबी मांग के बाद काम बंद कर दिया था। अभी हड़ताल शुरू हुए ढंग से चार दिन भी पूरे नहीं हुए थे कि अमेरिका के शिकागो के हे-मार्केट एक धमाका हुआ। मजदूर पहले से ही सड़क पर उतरे हुए थे, पूरे देश में हड़कंप मचा हुआ था, इस धमाके ने प्रशासन का धैर्य तोड़ दिया। 4 मई को धमाके के जवाब में पुलिस ने प्रदर्शनकारी मजदूरों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। बताया जाता है कि इसमें दर्जनभर से ज्यादा मजदूरों की मौत हो गई। इसके बाद पेरिस में साल 1889 में फिर से एक बार मजदूर इकट्ठा हुए। इसे अंतरराष्ट्रीय समाजवादी सम्मेलन का नाम दिया गया। इसमें पहली बार 1886 के मई महीने में जान गवाने वाले मजदूरों को याद करते हुए 1 मई को मजदूर दिवस मनाने का फैसला किया गया। धीरे-धीरे दुनिया के सभी प्रमुख देशों को 1 मई को राष्ट्रीय अवकाश घोषित करना पड़ा।

भारत में शुरुआत : भारत में मजदूर दिवस की शुरुआत चेन्नई में 1 मई 1923 को हुई। तब भारतीय मजदूर किसान पार्टी के नेता कामरेड सिंगरावेलू चेट्यार इस वैश्विक दिवस की भारत में शुरुआत करने पर अड़े थे। इसके बाद चेट्यार के नेतृत्व में मद्रास हाईकोर्ट सामने बड़ा प्रदर्शन किया गया। इस दौरान दत्तात्रेय नारायण सामंत उर्फ डॉक्टर साहेब और जॉर्ज फर्नांडिस ने भी इस आंदोलन को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई थी.।तभी यह दिवस भारत में भी एक राष्ट्रीय अवकाश का दिन बन सका।
देश दुनिया के इतिहास में एक मई की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:-

1886 : अमेरिका के शिकागो में कामगारों के लिए काम के घंटे तय करने को लेकर हड़ताल, मजदूर दिवस मनाने की शुरुआत।
1897 : स्वामी विवेकानंद ने रामकृष्ण मिशन की स्थापना की।
1908 : प्रफुल्ल चाकी ने मुजफ्फरपुर बम कांड को अंजाम देने के बाद खुद को गोली मारी।
1914 : कार निर्माता फोर्ड वह पहली कंपनी बनी जिसने अपने कर्मचारियों के लिए आठ घंटे काम करने का नियम लागू किया।
1923 : भारत में मई दिवस मनाने की शुरुआत।
1956 : जोनसा साल्क द्वारा विकसित पोलियो वैक्सीन जनता के लिए उपलब्ध कराई गई।
1960 : महाराष्ट्र और गुजरात अलग अलग राज्य बने।
1972 : देश की कोयला खदानों का राष्ट्रीयकरण।
2009 : स्वीडन ने समलैंगिक विवाह को मंजूरी दी।
2011 : अमेरिका पर 2001 के हमले के मास्टरमाइंड ओसामा बिन लादेन के पाकिस्तान के ऐबटाबाद में मारे जाने की पुष्टि।

You might also like
Leave a comment