ठगबाज की हिम्मत…केंद्रीय मंत्री का फर्जी लेटर पैड बनाकर करता था ठगी, पुलिस कर रही है ‘हिसाब’

0

चाईबासा (जमशेदपुर) : समाचार ऑनलाइन – केंद्र सरकार के जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा का फर्जी लेटर पैड बनाकर स्वयं को मंत्री का पश्चिमी सिंहभूम जिला का प्रतिनिधि बताने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वह स्वयं को मंत्री का प्रतिनिधि बता कर काफी समय से लोगों को डराने-धमकाने और ठगने का काम कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी के बाद अब इस बात से भी पर्दा उठा जाएगा कि कब से वह इस गोरखधंधे में लगा हुआ था और कितने को ठग चुका है। विभागों को हुए नुकसान की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

बता दें कि गिरफ्तार सत्यपाल बेहरा जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के छनपदा, जैंतगढ का रहने वाला है। सत्यपाल भाजपा का कार्यकर्ता है। वह भाजयुमो का जिला उपाध्यक्ष भी रह चुका है। सत्यपाल की गिरफ्तारी अर्जुन मुंडा के निजी सहायक बंशी बिहारी दत्त द्वारा शिकायत के बाद हुई है। सदर चाईबासा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमर कुमार पांडेय ने बताया कि सत्यपाल बेहरा ने केंद्रीय मंत्री का अनधिकृत लेटर पैड बनाकर उसके माध्यम से खुद को पश्चिमी सिहभूम का प्रतिनिधि घोषित करते हुए उपायुक्त को आदेश दिया था। इस संबंध में उसके खिलाफ 10 जून को मुफ्फसिल थाना में मामला दर्ज किया गया था। उसे पुलिस ने छापामारी कर जगन्नाथपुर थाना के जैंतगढ़ स्थित उसके दुकान से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर उसका फर्जी लेटर पैड भी बरामद कर लिया गया है।

You might also like
Leave a comment