तो ठाणे, नवी मुंबई की तरह पुणे में भी सख्ती लागू की जाएगी, जिलाधिकारी ने कड़े लॉकडाउन की चेतावनी दी

0

पुणे, 7 जुलाई – कोरोना के मद्देनज़र किये गए लॉकडाउन में छूट दिए जाने के बाद पुणे शहर में कोरोना संक्रमितों की संख्या तेज़ी से बढ़ रही है। नागरिको द्वारा प्रशासन के नियमो का पालन नहीं किया जा रहा है। ठाणे और नवी मुंबई की तरह पुणे में भी सख्त लॉकडाउन किया जाएगा। यह चेतावनी जिलाधिकारी नवलकिशोर राम ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में दी।

उन्होंने कहा कि पुणे ग्रामीण क्षेत्र में कोरोना का संक्रमण तेज़ी से बढ़ रहा है। पुणे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिक बेवजह घरों से बाहर निकल रहे है। ऐसा देखने में आया है कि लोग घर से बाहर भी निकल रहे है और बिना मास्क पहने प्रशासन दवारा लागू किये गए नियमों का भी पालन नहीं कर रहे है। ऐसी स्थिति रही तो प्रशासन को और सख्त रुख अपनाना पड़ेगा और फिर से लॉकडाउन लगाना होगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि पुणे जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले 20 दिनों में बड़े पैमाने पर कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ी है। शहर के साथ ग्राम पंचायत क्षेत्र में बढते मरीजों की संख्या को देखते हुए प्रशासन को सख्त रुख अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी गांव में पांच से अधिक मरीज मिलने पर पुरे गांव को रेड जोन घोषित करना होगा।

ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना प्रतिबंधात्मक उपाय योजना के साथ जनजागृति पर भी जोर दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों दवारा मास्क नहीं पहनने की बात सामने आई है। साथ ही शादी समारोह में दिए गए नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। इसके मद्देनज़र फ्लाइंग स्क्वायड तैयार किया गया है। संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

You might also like
Leave a comment