साइबर लुटेरों ने देश के अलग-अलग भागों के 59 ग्राहकों के खाते से 1 करोड़ 1 लाख 93 हजार 718 रुपए उड़ाए, मामला दर्ज
देवघर : समाचार ऑनलाइन – आइसीआइसीआइ बैंक के देश के अलग-अलग भागों के 59 ग्राहकों के खाते से 1 करोड़ 1 लाख 93 हजार 718 रुपये उड़ा लिये। बताया गया है कि आइसीआइसीआइ बैंक के अलग-अलग जगहों के 74 ग्राहकों को साइबर क्रिमिनल्स ने फोन किया था। इनमें से 59 लोगों की डिटेल लेकर उनके खाते से पैसे निकाल लिये। लोगों का खाता खाली करने वाले आरोपितों की जांच की गयी, तो उनका लोकेशन देवघर में मिला। साइबर लुटेरे मुंबई सहित भारत के अलग-अलग शहरों के ग्राहकों को बैंककर्मी लोगों को फोन करते थे और एसएमएस भेजते थे। लोगों से डिटेल लेकर उनके खाते से पैसे उड़ा लेते थे।
इस तरह लोगों के खाते से उड़ाये गये पैसे : साइबर थाना में दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया है कि साइबर अपराधियों ने खाताधारकों को फोन करके खुद को बैंक अधिकारी बताया। केवाइसी अपडेट करने के नाम पर सभी लोगों से उनकी डिटेल ले ली और खाते से पैसे निकाल लिये। इन्होंने चेतावनी दी कि यदि केवाइसी अपडेट नहीं करेंगे, तो खाता बंद हो जायेगा। जिन लोगों के खाते से पैसे उड़ाये गये, वे देश के कई राज्यों के हैं।
बैंक अधिकारियों के होश उड़े : देवघर साइबर थाना की पुलिस ने बताया कि बैंक को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने इसकी छानबीन शुरू की। इसी दौरान पता चला कि ठगी में प्रयोग किये गये सभी मोबाइल नंबर देवघर जिला के मिले। उसी आधार पर बैंक ने मामले की प्राथमिकी देवघर साइबर थाना में दर्ज करायी। एक ही बैंक के इतने खातों से इतनी बड़ी रकम की निकासी से बैंक अधिकारियों के होश उड़ गये हैं।