दिल्ली से गोवा जा रही फ्लाइट में शख्स चिल्लाया- इसमें आतंकी बैठा है, पुलिस ने पहुंचाया पागलखाना

delhi
October 23, 2020

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम – दिल्ली से गोवा जा रही फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक शख्स अचानक खड़ा होकर चिल्लाने लगा कि इस फ्लाइट में आतंकी हैं। अपने दावे पर बल देते हुए शख्स ने अपना परिचय दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल अधिकारी के रूप में दिया। उसने कहा कि वह दिल्ली के जामियानगर में रहता है और उसके पास इसके सबूत हैं कि विमान में आतंकी है। खुद को जिम्मेदार अधिकारी बताते हुए उसने अपने कर्तब्य की भी दुहाई दी। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई। क्रू मेंबर परेशान हो उठे। विमान में असंतुलन की स्थिति पैदा हो गई। किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया गया।

यह फ्लाइट दिल्ली से गोवा जा रही थी। गुरुवार की दोपहर 3.30 बजे गोवा लैंड करते ही उक्त शख्स जिया उल हक को हिरासत में ले लिया गया। गोवा पुलिस के अधिकारियों इसकी पुष्ट की है। गोवा पुलिस के मुताबिक जिया उल हक को हिरासत में ही रखा गया है। गोवा पुलिस जिया उल हक से पूछताछ कर रही है।

जिया उल हक के परिजनों का दावा है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। लिहाजा, जिया उल हक को मेडिकल जांच के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया। फिलहाल, जिया उल हक को उपचार के लिए पणजी के समीप मनोविज्ञान एवं मानव व्यवहार संस्थान में भर्ती कराया गया है।