घरेलू विवाद में पिता ने अपनी 5 माह की बच्ची की कर दी हत्या

0

पिंपरी : पोलिसनामा ऑनलाइन – घरेलू विवाद में एक पिता द्वारा अपनी पांच माह की मासूम बच्ची का नाक- मुंह दबाकर उसकी हत्या किए जाने का मामला पुणे के बावधन इलाके में सामने आया है। शनिवार के तड़के तीन बजे के करीब घटी इस घटना में पिंपरी चिंचवड़ की हिंजवड़ी पुलिस ने बापूराव जाधव (35) नामक आरोपी को हिरासत में लिया है।

कोरोना की रोकथाम के लिए देशभर में लॉकडाउन घोषित किया गया है। इसके चलते लोगों की रोजी रोटी का जरिया बन्द हो गया है, लोग घरों में कैद हैं। पेशे से वाहनचालक रहा जाधव भी गत कई दिनों से घर पर ही है। उसका पत्नी के साथ लगातार विवाद हो रहा था। हर रोज के विवाद के गुस्से में आकर उसने आज तड़के जब उसकी पत्नी गहरी नींद में थी तब अपनी पांच माह की बच्ची का नाक- मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसकी लाश को घर के सामने खुले मैदान में रख दिया और घर आकर सो गया।

आज सुबह जाधव की पत्नी नींद से जागी और बेटी को पास में न देखकर उसे खोजने लगी। उसका पति भी उसके साथ मिलकर खोजबीन में जुट गया। पत्नी को क्या पता था कि वह केवल बेटी को खोजने का नाटक भर कर रहा है। कुछ दूरी पर कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर जाधव की पत्नी आवाज की दिशा में दौड़ी। तब वहां मैदान में अपनी बेटी को बेहोशी की हालत में पाया। इसके बाद जाधव ने हिंजवड़ी पुलिस को इसकी जानकारी दी। पूछताछ में पुलिस को उसपर शक हुआ। पहले तो वह काफी ना नुकर करता रहा मगर पुलिस के आगे वह ज्यादा देर तक नहीं टिक सका और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

You might also like
Leave a comment