मनपा की मदद पर भाजपा सेंक रही सियासी रोटी, राष्ट्रवादी कांग्रेस का गंभीर आरोप

0

पिंपरी। संवाददाता आज पूरा देश कोरोना की वैश्विक महामारी से जूझ रहा है। सरकार से लेकर प्रशासन और स्वयंसेवी संस्थाओं से लेकर दानी व्यक्तियों तक हर कोई लॉकडाउन में फंसे लोगों की मदद में जुटा है। मगर ऐसे संकट के दौर में भी लोगों की मदद पर सियासी रोटी सेंकने से कुछ लोग बाज नहीं आ रहे हैं। इसका प्रमाण मिलता है पिंपरी चिंचवड मनपा की ओर से जरूरतमन्दों को मुहैया कराई जा रही मदद से। मनपा द्वारा जरूरतमंद लोगों को भोजन की आपूर्ति की जा रही है, मगर उसकी आड़ में मनपा की सत्तादल भाजपा सियासत करने में जुटी है। यह गंभीर आरोप राष्ट्रवादी कांग्रेस की ओर से लगाया जा रहा है।

राष्ट्रवादी के शहराध्यक्ष संजोग वाघेरे और विपक्षी दल के नेता नाना काटे ने शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन के जरिए यह आरोप भी लगाया है कि भाजपा द्वारा मनपा की ओर से किये जा रहे अन्नदान पर सियासी रोटी सेंकी जा रही है। इसमें मनपा आयुक्त श्रावण हार्डिकर और प्रशासन का भाजपा को पूरा समर्थन हासिल है। इस दौरान राष्ट्रवादी के नेताओं ने कोरोना की रोकथाम के नाम पर की जा रही खरीददारी में भ्रष्टाचार और जरूरतमन्दों को किये जा रहे अन्नदान, भोजन व्यवस्था आदि में सत्तादल भाजपा द्वारा सियासत पर कड़ी आपत्ति जताई और संकट की घड़ी में इस तरह के व्यवहार को दुर्भाग्यपूर्ण भी बताया।

वाघेरे और काटे ने बताया कि, मनपा की ओर से शहर के गरीब व जरूरतमन्दों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए जरूरी अनाज और भोजन पकाने के लिए आने वाले खर्च के लिए हर प्रभाग के लिए तीन -तीन लाख रुपए की निधि उपलब्ध कराई गई है। भाजपा के कुछ महारथी नगरसेवक मनपा की इस मदद के लिए जगह आदि की उपलब्धता कराने के बाद अपने बैनर लगवाकर ऐसा जता रहे हैं कि मानों यह सारा भोजन आदि का प्रबंध उनकी ओर से किया जा रहा है। कुछ महानुभवों ने तो मीडिया में अपनी वाहवाही की खबरें भी छपवाई है। 85 हजार लोगों को भोजन उपलब्ध कराने का दावा मनपा द्वारा किया जा रहा है मगर परोक्ष में आधे लोगों को भी भोजन नहीं मिल पा रहा है। भोजन में दाल, चावल, रोटी, सब्जी देने को कहा गया है परोक्ष में केवल दाल चावल दिया जा रहा है। इस्कॉन के जरिए उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की व्यवस्था पर भी प्रशासन का कोई अंकुश नहीं है। अतिक्रमण कार्रवाई में गरीब ठेलेवालों की सब्जी, फल आदि जब्त कर इस्कॉन को दिया जा रहा है। ऐसे कई आरोप लगाते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस ने शहर में तीन विधानसभा क्षेत्र वार तीन सेंट्रल किचन की मांग के साथ ही भोजन व्यवस्था का हिसाब देने की मांग की है।

You might also like
Leave a comment