अब मनपा आयुक्त के फेक फेसबुक एकाउंट से मांगे जा रहे पैसे
June 10, 2021
पिंपरी चिंचवड़ सायबर पुलिस ने दर्ज की शिकायत
संवाददाता, पिंपरी। पुलिस अधिकारियों के बाद अब पिंपरी चिंचवड़ मनपा आयुक्त राजेश पाटिल के नाम से फेसबुक पर फेक एकाउंट बनाकर लोगों से पैसे मांगे जाने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इस बारे पिंपरी चिंचवड़ की सायबर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मनपा के सूचना व तकनीकी अधिकारी नीलकंठ पोमण ने शिकायत दर्ज कराई है।
बड़े अधिकारियों, सेलिब्रिटी के नाम से फेसबुक पर फेक एकाउंट बनाकर उसके जरिये पैसों की अचानक बेहद जरूरत बताकर लोगों से पैसे मांगने का नया फंडा शुरू हो गया है। कई लोग इसके झांसे में आकर ठगी का शिकार हुए हैं। गत साल पुलिस आयुक्त कृष्ण प्रकाश के नाम से फेसबुक पर फेक एकाउंट बनाने का मामला सामने आया था। इस एकाउंट से भी लोगों से पैसे मांगे गए।
इसके बाद अब पिंपरी चिंचवड़ मनपा आयुक्त राजेश पाटिल के नाम से फेसबुक पर फेक एकाउंट बनाकर लोगों से पैसे मांगे जाने का मामला सामने आया है। इस फेक एकाउंट से कई लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भी भेजी गई है। हालांकि बाद में यह एकाउंट बंद कर दिया गया। इस बारे में मनपा की ओर से सायबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। सायबर सेल के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संजय तुंगार ने बताया कि, मनपा आयुक्त के नाम से फेसबुक पर फेक एकाउंट बनाये जाने की शिकायत मिली है। बाद में इस एकाउंट को बंद कर दिया गया। हालांकि फेक प्रोफ़ाइल बनानेवाले ने किसी से पैसों की मांग की है, किसी ने उसे पैसे दिए हैं क्या आदि की जांच जारी है। फेसबुक से भी इस बारे में जानकारी मंगाई जा रही है।