बाढ़ को लेकर राज्य सरकार गंभीर नहींः शरद पवार

0

पुणे : पुलिसनामा ऑनलाइन – बाढ़ से पैदा हुई गंभीर स्थिति के प्रति राज्य का नेतृत्व गंभीर नहीं है। यही कारण है कि ऐसी हालत में भी प्रशासनिक सिस्टम हमेशा की तरह सक्रिय नहीं हुआ। यह आरोप एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने पत्रकार-वार्ता में लगाया। बाढ़ के बाद उपजे हालात पर एनसीपी द्वारा लिये गये विभिन्न निर्णयों की जानकारी देने के लिए इस पत्रकार-वार्ता का आयोजन किया गया था। उन्होंने बताया कि इस आपात स्थिति में राजनीति न कर हमने बाढ़ पीड़ितों को सहायता पहुंचाने की भूमिका ली है।

कई क्षेत्रों में बाढ़ से भी बुरी स्थिति 
पवार ने कहा कि पश्चिम महाराष्ट्र के सातारा, सांगली व कोल्हापुर जिलों सहित कोंकण के रत्नागिरि, सिंधुदुर्ग, रायगढ़, पालघर व नासिक जिले के कुछ क्षेत्रों में बाढ़ से ऐसी स्थिति पैदा हुई है, जो कभी देखी नहीं गई। इससे पहले भूकंप या अन्य किसी भी तरह की आपदा के समय प्रशासनिक सिस्टम सक्रिय रूप से काम करता था, लेकिन इस बार प्रशासनिक स्तर पर राहत पहुंचाने हेतु हलचल देखी नहीं गई। राज्य का नेतृत्व बाढ़ को लेकर गंभीर नहीं है और इसी वजह से प्रशासनिक सिस्टम शिथिल पड़ चुका है।

सातारा जिले के कुछ क्षेत्रों को बाढ़ ने झकझोर दिया है
उन्होंने कहा कि सांगली व कोल्हापुर जिलों में बाढ़ की स्थिति गंभीर है। सातारा जिले के कुछ क्षेत्रों को बाढ़ ने झकझोर दिया है। किसानों की जमीन, मवेशी, अंगूर व अन्य फलों के बाग, गन्ने के खेतों, घरों व बुनियादी सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है। इस हानि को ध्यान में रखकर सरकार को बारिश थमते ही तुरंत मुआवजा निश्चित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारी करनी चाहिए। इससे किसानों को तुरंत सहायता मिलना संभव होगा। इस क्षेत्र के सभी किसानों को पूरी कर्जमाफी देनी होगी।

50 लाख रुपयों का फंड जल्द ही दिया जायेगा
उन्होंने कहा कि कोल्हापुर व सांगली क्षेत्रों में भारी मात्रा में दूध का उत्पादन होता था। बाढ़ के कारण इसमें कमी हो गई है। उन्होंने स्वयंसेवी व सार्वजनिक संस्थाओं तथा संगठनों से बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता करने की अपील की। पार्टी की ओर से बाढ़ प्रभावितों की सहायता के लिए 50 लाख रुपयों का फंड जल्द ही दिया जायेगा। दवा निर्माताओं से कुछ ट्रक दवाएं ली जाएंगी। पार्टी के डॉक्टर सेल द्वारा संबंधित स्थानों में स्वास्थ्य सहायता पहुंचाई जायेगी॥

You might also like
Leave a comment