बर्ड फ्लू….दिल्ली में चिकन पर बैन, सरकार अलर्ट मोड पर 

0

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : कोरोना और इसके नए स्ट्रेन की दहशत के बीच बर्ड फ्लू ने भी देश के कई राज्यों में दस्तक दे दी है।  9 राज्यों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है जिनमें राजधानी दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और केरल शामिल हैं।  कई जगहों पर चिड़ियाघरों को बंद कर दिया गया है या फिर लोगों को वहां पक्षियों से दूर रखा जा रहा है।

केंद्रीय पशुपालन मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है बर्ड फ्लू पर लोग अफवाह न फैलाएं। बर्ड फ्लू भारत में साल 2006 से ही है। उचित सावधानी से इस बीमारी का इलाज किया जा सकता है। अब तक दिल्ली समेत 10 राज्यों में बर्ड फ्लू के मामले पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि उनके मंत्रालय ने अक्टूबर में ही बर्ड फ्लू की आशंकाओं को लेकर दिशानिर्देश जारी कर दिए थे। बर्ड फ्लू के मामलों की निगरानी के लिए पशुपालन मंत्रालय में एक कंट्रोल रूम काम कर रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मंत्रालय के सचिव ने सभी राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर बर्ड फ्लू की गाइडलाइन भेजी है। पत्र में ये भी लिखा है कि बर्ड फ्लू को लेकर खौफ पैदा न करें।

दिल्ली सरकार के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा, ‘डरने की जरूरत नहीं है। राजधानी दिल्ली में  सरकार अलर्ट मोड पर है। ऐहतियातन प्रोसेस्ड और पैकेज्ड चिकन की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।  यह एक सामान्य इंफ्लूएंजा है जो पक्षियों, जानवरों या इंसानों में फैल सकता है। हालांकि बर्ड फ्लू इंसानों से इंसानों के बीच नहीं फैलता है। यह केवल संक्रमित पक्षियों के संपर्क में आने से इंसानों में फैल सकता है।’ उन्होंने कहा कि जो लोग चिकन और अंडा खाते हैं उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि अगर आप पूरी तरह से पका हुआ चिकन या उबला हुआ अंडा खाते हैं तो आपको संक्रमण नहीं होगा।  अगर कोई बर्ड फ्लू से संक्रमित हो जाता है तो उसको कफ, बुखार या सिरदर्द की शिकायत हो सकती है। सरकार की पूरी कोशिश है कि ये और ज्यादा न फैलने पाए, इसके लिए और सैंपल्स की भी टेस्टिंग कराई जा रही है।

You might also like
Leave a comment