कार्टून विवाद में जल रहा फ्रांस… हमलावरों ने चर्च में 3 लोगों की हत्या की

0

पेरिस. ऑनलाइन टीम – पैगंबर कार्टून विवाद में फ्रांस अब बुरी तरह जल रहा है। चारों तरफ नफरत की आग ही आग है। पहले टीचर हत्या और उसके बाद देशव्याफी तनाव-प्रदर्शन और अब एक चर्च में महिला की हत्या तथा दो अन्य को चाकू से गोद डालना, ये वैसी घटनाएं हैं, जिनकी कीमत आम जनता को चुकानी पड़ रही है |

दक्षिणी फ्रांस के शहर नीस में नोट्रे डेम चर्च के अंदर यह हमला हुआ है। बताया जा रहा है कि इस हमले में अब तक 3 व्यक्तियों की मौत हो गई है तो कई लोग घायल हैं। नीस के मेयर क्रिश्चियन एस्ट्रोसी ने कहा है कि यह एक आतंकी हमला है। गृह मंत्री गेराल्ड डारमानिन ने इसे एक संकट करार दिया है और कहा है कि मंत्रियों के साथ एक मीटिंग में इस पर चर्चा की जा रही है। मीडिया की तरफ से आई रिपोर्ट्स के मुताबिक मारे गए लोगों में दो महिलाएं हैं। संदिग्ध को 10 मिनट बाद गिरफ्तार कर लिया गया और अस्पताल ले जाया गया है। हमलावर को पुलिस ने गोलियां मारी हैं और वह बुरी तरह से घायल हो गया है। फ्रांस के नेशनल एंटी-टेररिज्म प्रॉसिक्यूटर के ऑफिस की तरफ से इसकी जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद राष्ट्रीय संसद में 1 मिनट का मौन रखा गया।

बता दें कि नीस, फ्रांस का वह शहर है जहां पर जुलाई 2016 में एक आतंकी ने फ्रांस के नेशनल डे के मौके पर कुछ लोगों पर ट्रक चढ़ा दिया था। उस हमले में 80 लोगों की मौत हो गई थी। यह अभी तत्काल स्पष्ट नहीं हो पाया है कि चर्च में चाकू हमला करके लोगों की हत्या करने के पीछे मकसद क्या था या इसका पैगंबर के कार्टून से कोई मतलब है। इस बीच ईरान के राष्ट्रपति हसन रुहानी ने फ्रांस को चेतावनी दी है कि पैगंबर की आलोचना करने से ‘हिंसा और रक्तपात’ को बढ़ावा मिलेगा। रुहानी ने कहा कि पश्चिमी देशों को यह समझना होगा कि…पैगंबर की आलोचना करना सभी मुस्लिमों, सभी पैगंबरों और सभी मानवीय मूल्यों की आलोचना करना है। पैगंबर की आलोचना करने से कुछ भी हासिल नहीं होगा। यह अनैतिक है। यह हिंसा को बढ़ावा दे रहा है।’

You might also like
Leave a comment