अचानक चमगादड़ों की मौत से मचा हड़कंप, नीचे गिरकर तोड़ रहे दम

0

नई दिल्ली : समाचार ऑनलाइन  – पूरी दुनिया इस समय कोरोना से जूझ रही है। कोरोना का जनक चमगादड़ को माना जा रहा है। ऐसे में मध्य प्रदेश के एक गांव में अचानक से चमगादड़ों की मौत ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश के बैतूल के भीमपुर ब्लाक में किसी अज्ञात बीमारी का कहर टूट पड़ा है। यहां दर्जनों चमगादड़ों की मौत से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है।

पशु चिकित्सक इससे तेज गर्मी का कारण दे रहे है। नीलगिरी के पेड़ों पर लटके दर्जनों चमगादड़ मरने के बाद पेड़ों के नीचे बिखरे पड़े हैं तो कई अब भी पेड़ों पर मृत अवस्था में लटके हुए हैं। बताया जा रहा है कि यह सिलसिला बीते चार दिनों से चल रहा है। बेहड़ा ढाना में आज सुबह एक ही जगह चमगादड़ों के मरने के बाद पड़े होने की सूचना से इलाके में दहशत फैल गई। ग्रामीण इसे कोरोना से जोड़कर देखने लगे हैं।

जानकारी मिलते ही पशु चिकित्सा दल ने चमगादड़ों का पोस्टमार्टम कर सैंपल इकट्ठे किए और उन्हें जांच के लिए भेज दिए है। बताया जा रहा है कि मृत मिले चमगादड़ों के शरीर पूरी तरह से डिहाइड्रेट हो गए थे। इससे संभावना है कि मौतों की वजह तेज गर्मी और पानी की कमी हो सकती है। हालांकि सही जानकारी तो सैंपल की जांच के बाद ही सामने आ पाएगी।

You might also like
Leave a comment