आज से दूसरा डोज…16 जनवरी को देश में शुरू हुआ था अभियान
नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : भारत में सबसे बड़ा कोविड-19 टीकाकरण का अभियान चलाया जा रहा है। इसी के साथ कोरोना के नए मामलों में भी गिरावट आ रही है। भारत की कोविड से लड़ाई अब सकारात्मक रूप से आगे बढ़ रही है। टीकाकरण अभियान शुरू हुए 28 दिन हो चुके हैं। 16 जनवरी को भारत के टीकाकरण की शुरुआत हुई थी। अब जहां शनिवार को दूसरी डोज लगाने का काम भी शुरू हो गया है। जिन लोगों ने टीकाकरण के पहले दिन 16 जनवरी को टीका लगाया था, वह शनिवार को दूसरी खुराक ले सकेंगे। 16 जनवरी को 202,000 से अधिक लोगों को पहली खुराक मिली थी।
भारत इतने कम दिनों में टीकाकरण के इस आंकड़े तक पहुंचने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। भारत में अब तक कुल 79,67,647 लोगों को कोरोना वायरस की वैक्सीन लगाई जा चुकी है। वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 से कोई मौत नहीं हुई है।
🔷 India fastest to cross the 7 million Vaccination mark
🔶 More than 75 lakh beneficiaries vaccinated against #COVID19
🔷 India records a sharp decline in the Active Caseload; stands at 1.35 lakh today#Unite2FightCorona @PMOIndia pic.twitter.com/MzYhuS0xyB
— Dr Harsh Vardhan (@drharshvardhan) February 12, 2021
केंद्र सरकार ने वैक्सीनेशन शुरू करने से पहले गाइडलाइन जारी किए थे। इसमें कहा था जिस वैक्सीन का पहला डोज दिया है, उसका ही दूसरा डोज भी दिया जाएगा। यानी अगर पहला डोज कोवीशील्ड का लगा है तो दूसरा भी उसका ही होगा। दूसरे डोज के 14 दिन बाद ही वैक्सीन का असर शुरू होगा। केंद्र सरकार ने राज्यों से कहा है कि 25 फरवरी से पहले सभी हेल्थकेयर वर्कर्स को कम से कम एक डोज मिल जाना चाहिए।
बता दें कि भारत न सिर्फ अपने नागरिकों को वैक्सीन मुहैया करा रहा है, बल्कि विदेशों को भी मदद देकर मानव धर्म को ऊंचा रखे हुए है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि हमने विश्व समुदाय को कोविड वैक्सीन की कुल 229.7 लाख खुराक की आपूर्ति की है। इनमें से 64.7 लाख खुराक की आपूर्ति अनुदान के तौर पर जबकि 165 लाख खुराक की आपूर्ति वाणिज्यिक आधार पर की गई है। उन्होंने बताया कि आने वाले सप्ताहों में हम अफ्रीका, लैटिन अमेरिका व प्रशांत महाद्वीप के अन्य देशों को भी कोरोना के टीके प्रदान कराएंगे।