लॉकडाउन का काला अध्याय..10 दिन में 104 प्रवासी मजदूरों की मौत, जान बचाने के लिए जा रहे थे गांव

0

नई दिल्ली: समाचार ऑनलाइन – लॉकडाउन लगातार बढ़ाए जाने से देश के अनेक भागों में रोजी-रोटी की जुगाड़ में गए प्रवासी मजदूरों ने ऐसा फैसला किया कि देश हैरान रह गया। वे जहां थे, वहीं से परिवार के साथ सब कुछ छोड़कर पैदल ही घर की ओर निकल पड़े। पलायन करने वाले मजदूर हादसों का शिकार भी हो रहे हैं। पिछले 10 दिनों के अंदर हुए अलग-अलग हादसों में अब तक 104 मजदूरों की मौत हो चुकी है और 93 मजदूर जख्मी हुए हैं।

आइए एक नजर डालते हैं इन हादसों पर:-
महाराष्ट्र के औरंगाबाद में बीते गुरुवार देर रात हुए रेल हादसे में 16 प्रवासी मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले सभी 16 मजदूर मध्य प्रदेश के रहने वाले थे। इनमें से 11 शहडोल जिले और 5 उमरिया जिले के थे। ये सभी मजदूर औरंगाबाद से मध्य प्रदेश स्थित अपने गृह जनपद के लिए पैदल ही निकले थे। करीब 40-45 किलोमीटर पैदल चलने के बाद ये सभी थककर औरंगाबाद-जालना रेलवे ट्रैक पर सो रहे थे।

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में प्रवासी मजदूरों से भरी डीसीएम में शनिवार सुबह ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में अब तक 24 मजदूरों की मौत हो गई। इस घटना में 35 लोग घायल हैं।

मध्य प्रदेश में फिर एक सड़क दुर्घटना में मज़दूरों की मौत हो गयी। सागर ज़िले में हुई इस दुर्घटना में 5 मजदूरों की मौत और करीब 15 लोग घायल हो गए। सभी मज़दूर उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं जो महाराष्ट्र से घर लौट रहे थे।

मध्य प्रदेश के गुना में फिर शुक्रवार देर हुए भीषण सड़क हादसे में 3 प्रवासी श्रमिकों की मौत हो गई। तीनों श्रमिक उत्तर प्रदेश के थे और मुंबई से अपने घर लौट रहे थे। हादसे में 15 मजदूर घायल हो गए हैं।

इससे पहले गुरुवार को गुना में ही हुए सड़क हादसे में 9 श्रमिकों की मौत हो गयी थी। श्रमिकों से भरे मिनी ट्रक में एक बस ने टक्कर मार दी थी। उस दुर्घटना में 7 श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गयी थी। 55 मज़दूर घायल भी हो गए थे।

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में बुधवार देर रात 11:45 बजे रोडवेज बस ने पैदल जा रहे मजदूरों को कुचल दिया। इस हादसे में 6 लोगों की मौके पर भी मौत हो गई और 4 मजदूर घायल बताए जा रहे हैं।

10 मई को मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में एक सड़क हादसे में 5 मजदूरों की जान चली गई। इस ट्रक में 20 मजदूर सवार थे, जो हैदराबाद से उत्तर प्रदेश एटा और झांसी जा रहे थे। 5 मजदूरों की मौत ट्रक में दबकर हो गई।

You might also like
Leave a comment