सोनिया गांधी इस बार नहीं मनाएंगी अपना जन्मदिन, जानें क्या है कारण

नई दिल्ली. ऑनलाइन टीम : कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस बार अपना जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला किया है। कोरोना संक्रमण और देश में जारी किसान आंदोलन को देखते हुए उन्होंने यह फैसला लिया है।
सोनिया गांधी का जन्मदिन 9 दिसंबर को है, लेकिन उनका कहना है कि पूरा देश इस समय लड़ रहा है। आम आदमी कोरोना संक्रमण से हलाकान है, तो किसान केंद्र सरकार की नीतियों से परेशान है। किसानों के आंदोलन का आज 13वां दिन है। किसानों ने आज कृषि कानून के खिलाफ भारत बंद का भी ऐलान किया है। देश में कोरोनावायरस संक्रमण पर भी पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस बार अपना जन्मदिन नहीं मनाने का फैसला किया है।
Congress interim president Sonia Gandhi (in file pic) will not celebrate her birthday on December 9, in view of the ongoing farmer's agitation against agriculture bills & #COVID19 situation across the country. pic.twitter.com/ivURWapgam
— ANI (@ANI) December 8, 2020
कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपने जन्मदिन को नहीं मनाने का फैसला किया है।
कार्यकर्ताओं को कहा गया है कि वो इस दिन किसी तरह का कोई कार्यक्रम ना करें। सोमवार ( 07 दिसंबर) को केंद्रीय नेतृत्व ने सभी राज्य इकाइयों को एक पत्र भेजकर ये सूचना दी है। सोनिया गांधी ने अनुरोध किया कि इस वर्ष उनके जन्मदिन पर कोई भी जश्न मनाने की गतिविधियों को अंजाम नहीं दिया जाना चाहिए, राज्य कांग्रेस अध्यक्षों, सीएलपी नेताओं, AICC महासचिवों, राज्यों के प्रभारी, जिला अध्यक्ष के प्रमुखों को पत्र भेजकर हर तरह के कार्यक्रम से बचने के लिए कहा गया है।
सोनिया गांधी इस समय गोवा में हैं। दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण की वजह से डॉक्टरों ने सोनिया गांधी को कुछ दिनों के लिए दिल्ली से दूर रहने की सलाह दी थी। सोनिया गांधी के साथ उनके बेटे और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी मौजूद हैं।