उत्तर प्रदेश में उपचुनाव महासंग्राम, भाजपा उतारेगी 30 स्टार प्रचारकों की टीम

0

लखनऊ.ऑनलाइन टीम – उत्तर प्रदेश में 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। 3 नवंबर को इन सभी सीटों पर वोटिंग होगी। इस चुनावी मुकाबले में सभी पार्टियों ने अपने-अपने उम्मीदवार मैदान में उतार दिए हैं। हालांकि इन सीटों पर जीत हार का सरकार पर कोई असर पड़ने वाला नहीं है, लेकिन इतना तो जरूर पता चलेगा कि मिशन 2022 के लिए जनता का मूड क्या है।

बुलंदशहर विधानसभा सीट : यहां से भाजपा के वीरेंद्र सिंह सिरोही लगातार दो बार विधायक रहे। उनके निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। बीजेपी ने उनकी पत्नी ऊषा सिरोही को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है।

नौगांवा सादात विधानसभा सीट : अमरोहा जिले की नौगांवा सादात विधानसभा सीट 2017 से बीजेपी के खाते में है। 2017 में यहां से बीजेपी नेता चेतन चौहान ने जीत दर्ज की थी। चेतन चौहान के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। बीजेपी ने चेतन चौहान की पत्नी संगीता चौहान को टिकट दिया है।

टूंडला विधानसभा सीट : फिरोजाबाद जिले की टूंडला विधानसभा सीट पर 2017 में बीजेपी ने कब्जा जमाया था। यहां से बीजेपी के एसपी सिंह बघेल ने जीत दर्ज की थी। 2019 में वो आगरा से सांसद चुने गए। तभी से ये सीट खाली है।

मल्हनी विधानसभा सीट : जौनपुर जिले की मल्हनी विधानसभा सीट पर 2017 के समाजवादी पार्टी के पारसनाथ यादव ने जीत दर्ज की थी। इसी साल जून में लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया था। समाजवादी पार्टी ने उनके बेटे लकी यादव को टिकट दिया है।

घाटमपुर विधानसभा सीट : कानपुर जिले की घाटमपुर विधानसभा सीट बीजेपी की मंत्री कमल रानी वरुण के निधन की वजह से खाली हुई है। बीजेपी ने इस सीट से उपेन्द्र पासवान को उम्मीदवार बनाया है।

बांगरमऊ विधानसभा सीट : उन्नाव जिले की बांगरमऊ सीट पर 2017 में बीजेपी के कुलदीप सिंह सेंगर ने जीत दर्ज की थी, लेकिन रेप का आरोप लगने के बाद उनकी सदस्यता रद्द कर दी गई, जिसकी वजह से इस सीट पर उप चुनाव हो रहा है। बीजेपी ने यहां से श्रीकांत कटियार को उम्मीदवार बनाया है।

देवरिया विधानसभा सीट : देवरिया विधानसभा सीट से साल 2017 में बीजेपी के टिकट पर जनमेजय सिंह ने जीत दर्ज की थी। वो इस सीट से लगातार दो बार विधायक रहे थे। कुछ समय पहले हुई उनकी मौत के बाद इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। बीजेपी ने यहां से सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया है।

इन विधानसभा चुनावों में वोटरों को लुभाने के लिए बीजेपी 30 स्टार प्रचारकों की एक पूरी टीम उतारने जा रही है। इनमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ, डेप्युटी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह शामिल हैं। भोजपुरी गायक और अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ को भी स्टार प्रचारकों की सूची में रखा गया है।

You might also like
Leave a comment