बिहार में फिर बढ़ा 1 सप्ताह का लॉकडाउन, मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर दी जानकारी

पटना: ऑनलाइन टीम- बिहार में आठ जून तक लॉकडाउन को बढ़ा दिया गया है। सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि आठ जून तक लॉकडाउन बढ़ाने का निर्णय लिया गया है, लेकिन व्यापार के लिए अतिरिक्त छूट दी जा रही है। सभी लोग मास्क पहनें और सामाजिक दूरी बनाए रखें।
बिहार में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए राज्य सरकार ने पांच मई से लॉकडाउन लगाया था। कोरोना को देखते हुए आज जिलों की समीक्षा की गई। अधिकारियों के साथ बातचीत कर इस पर निर्णय लिया गया है। पहली बार लगाए गए लॉकडाउन की अवधि 15 मई तक थी जिसे बढ़ाकर 25 तक फिर किया गया था। वहीं 25 मई के बाद हुई बैठक के बाद इसे एक जून तक किया गया था। अब इसे 8 जून कर दिया गया है। बिहार में लॉकडाउन लगाने के बाद कोरोना मरीजों की संख्या कम हुई है।
बिहार में लॉकडाउन के पहले हर दिन दस हजार से ऊपर मरीज मिल रहे थे। बिहार में कोरोना की स्थिति गंभीर होता देख तुरंत सरकार ने लॉकडाउन का फैसला लिया। इसके बाद हर दिन मरीजों की संख्या में कमी आई।
बीते एक सप्ताह में बिहार में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या
30 मई- 1,475
29 मई- 1,491
28 मई- 1,785
27 मई- 2,568
26 मई- 2,603
25 मई- 3,306
24 मई- 2,844