महाराष्ट्र की लोनार झील का पानी अचानक हुआ गुलाबी, कई वैज्ञानिक हैरान, कई दशकों पहले यहां गिरा था उल्कापिंड

बुलढाणा : पोलिसनामा ऑनलाइन – महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में स्थित लोनार झील के पानी का रंग अचानक बदलकर गुलाबी हो गया है। जिससे कई वैज्ञानिक हैरान है। हालांकि कई विशेषज्ञ इसकी वजह लवणता तथा जलाशय में शैवाल की मौजूदगी को मान रहे हैं। लोनार झील मुंबई से 500 किमी है। पर्यटकों के बीच यह झील बेहद लोकप्रिय है। माना जाता है कि इस झील का निर्माण करीब 50,000 साल पहले धरती से उल्कापिंड के टकराने से हुआ था।

दुनियाभर के वैज्ञानिकों की भी इस झील में बहुत दिलचस्पी है। करीब 1.2 किमी के व्यास वाली झील के पानी की रंगत बदलने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ प्रकृतिविद और वैज्ञानिक भी हैरान हैं। जानकारों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब झील के पानी का रंग बदला है लेकिन इस बार यह एकदम साफ नजर आ रहा है। स्थानीय लोग इससे भौगोलिक धरोहर स्मारक मानते है। इसका पानी खारा है और इसका पीएच स्तर 10.5 है। लोनार झील संरक्षण एवं विकास समिति के सदस्य गजानन खराट ने बताया कि ‘पानी की सतह से एक मीटर नीचे ऑक्सीजन नहीं है। ईरान की एक झील का पानी भी लवणता के कारण लाल रंग का हो गया था।’

उन्होंने बताया कि लोनार झील में जल का स्तर अभी कम है क्योंकि बारिश नहीं होने से इसमें ताजा पानी नहीं भरा है। जलस्तर कम होने के कारण खारापन बढ़ा होगा और शैवाल की प्रकृति भी बदली होगी।